सांभर लेक थानाधिकारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार: सड़क निर्माण कार्य निर्बाध चलाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, एसीबी ने थानाधिकारी कक्ष में की ट्रैप कार्रवाई
हर महीने रिश्वत की मांग
जयपुर। एसीबी ने जयपुर ग्रामीण के सांभर लेक थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा को परिवादी से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर इकाई द्वारा की गई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार, एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई को एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परिवादी के पिता के नाम की फर्म को लोक निर्माण विभाग (PWD) से प्राप्त सड़क निर्माण कार्य को थाना क्षेत्र में निर्बाध रूप से जारी रखने की एवज में सांभर लेक थानाधिकारी राममिलन मीणा द्वारा हर माह 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, रिश्वत राशि नहीं देने पर निर्माण साइट पर लगे वाहनों और कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किया जाता था। शिकायत के आधार पर उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र, एसीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी थानाधिकारी द्वारा प्रत्येक माह 10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 50 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग किया जाना पाया गया। इसके बाद एसीबी की ट्रैप टीम ने आज कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया।

Comment List