जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए सिंगर शान, फैंस के साथ खिंचवाई तस्वीरें; शहर में करेंगे लाइव परफॉर्मेंस
यादगार और सुपरहिट रोमांटिक गीतों से बनाई पहचान
जयपुर। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक शान गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। शांतनु मुखर्जी यानी शान इस दौरान बेहद सहज और कूल अंदाज में दिखाई दिए। एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशंसकों ने उन्हें पहचान लिया, जिसके बाद शान ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। वह जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे हैं।
शान ने हिंदी फिल्म संगीत में रोमांटिक और मधुर गीतों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है। 2000 के दशक में उनकी आवाज कई चर्चित फिल्मों के गीतों में सुनाई दी। ‘चांद सिफारिश’, ‘जब से तेरे नैना’, ‘हे शोना’, ‘आओ मिलो चले’, ‘कुछ तो हुआ है’ और ‘बहती हवा सा था वो’ जैसे गीत श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं।
शान को फिल्मी संगीत में योगदान के लिए फिल्मफेयर और आईफा समेत कई पुरस्कार मिल चुके हैं। ‘फना’, ‘सांवरिया’ और ‘3 इडियट्स’ जैसी फिल्मों के गीतों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया।

Comment List