भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या: राज्यपाल मिश्र

संविधान पार्क का लोकार्पण व महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का शिलान्यास

भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या: राज्यपाल मिश्र

कुलाधिपति मिश्र ने कहा कि भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या है। इसमें अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों को कर्तव्यों के बारे में भी सचेत किया गया है।

भरतपुर/कुम्हेर।  राज्यपाल एवं कुलाधिपति कलराज मिश्र ने कहा है, कि भारतीय संविधान शासन प्रणाली और राज्य को चलाने के लिए बनाया गया महत्वपूर्ण दस्तावेज ही नहीं है, बल्कि यह वह मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ है, जिससे हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का संचालन होता है। राज्यपाल मिश्र संविधान दिवस के अवसर पर महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में नवनिर्मित संविधान पार्क के लोकार्पण के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा का शिलान्यास किया और भारतीय संविधान और संस्कृति विषयक संगोष्ठी का शुभारम्भ भी किया। कुलाधिपति मिश्र ने कहा कि भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या है। इसमें अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों को कर्तव्यों के बारे में भी सचेत किया गया है। उन्होंने संविधान दिवस के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क बनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को  संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ संविधान प्रदत्त मूल कर्तव्यों की पालना के लिए भी जागरूक करना है। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में महाराजा सूरजमल से सम्बंधित सामग्री का संग्रहालय स्थापित किया जाये जिससे उनके इतिहास के बारे में आमजन को जानकारी मिल सके। उन्होंने विगत दिनों एक टीवी चौनल पर महाराजा सूरजमल की छवि धूमिल करने के सम्बंध में की गयी नकारात्मक टिप्पणी पर खेद व्यक्त किया। इस मौके पर सांसद रंजीता कोली ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर हुए संविधान पार्क के लोकार्पण के पश्चात भावी पीढ़ी को संविधान के सम्बंध में जानने की जिज्ञासा जाग्रत होगी जिससे वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज हिन्दू धर्म रक्षक महाराजा सूरजमल की विशाल प्रतिमा का शिलान्यास हुआ है। कार्यक्रम में भर्तहरि मतस्य विश्वविद्यालय के कुलपति जे.पी. यादव, महाराजा सूरजमल बृज विश्विद्यालय के कुलपति आर. के. सिंह धाकरे, सम्भागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षण गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह, कुलसचिव सुभाष शर्मा, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गंगाराम पाराशर सहित जिला प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर राज्यपाल ने ली बैठक:  कार्यक्रम के बाद राज्यपाल श्री मिश्र ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि टीबी मुक्त भारत अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ ही स्थानीय भामाशाहों का भी सहयोग लें। कार्यक्रम की शुरूआत में राज्यपाल ने उपस्थित जन को संविधान की उद्देशिका का वाचन और मूल कर्तव्य का पठन भी करवाया। 

सांसद की फिसली जबान, केबिनेट मंत्री ने ली चुटकी
कार्यक्रम के दौरान सांसद रंजीता कोली की मंच पर आसीन केबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह को केन्द्रीय मंत्री कहकर संबोधित किया, लेकिन उन्होंने अपनी गलती को तुरंत ही सुधारते हुए केबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह बोल दिया जिस पर विश्वेन्द्र सिंह ने चुटकी लेते हुए अपने संबोधन में कहा कि सांसद पहली बार बनी हैं इसलिये गलती हो जाती है। 

Post Comment

Comment List

Latest News