देश की बेटियां अगर बताने लगीं कि उनके साथ क्या हुआ तो ये देश का दुर्भाग्य होगा : विनेश

कुश्ती में दंगल : डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ पहलवान

देश की बेटियां अगर बताने लगीं कि उनके साथ क्या हुआ तो ये देश का दुर्भाग्य होगा : विनेश

विनेश ने यहां जंतर-मंतर पर कहा कि यह कुश्ती का दुर्भाग्य होगा अगर देश की बेटियां सामने आएंगी और बताएंगी कि हमारे साथ क्या हुआ था।

नई दिल्ली। तीन बार की राष्ट्रमंडल खेल गोल्ड मेडलिस्ट विनेश फोगाट ने पहलवानों और खेल मंत्रालय की बैठक के बाद गुरुवार को कहा कि वे सिर्फ भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह का इस्तीफा नहीं बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई भी चाहते हैं।  विनेश ने यहां जंतर-मंतर पर कहा कि यह कुश्ती का दुर्भाग्य होगा अगर देश की बेटियां सामने आएंगी और बताएंगी कि हमारे साथ क्या हुआ था। हम देश के प्रधानमंत्री से उम्मीद कर रहे हैं कि देश की बेटियों को इतना मजबूर न किया जाए कि हमें यह काला दिन देखना पड़े। विनेश ने कहा कि बात सिर्फ इस्तीफे की नहीं है, हम इस्तीफा लेकर रहेंगे और अगर मजबूर किया गया तो उन्हें जेल भी भेजेंगे। हम चाहते हैं कि वह इस्तीफा दें और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। खेल मंत्रालय ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है मगर पहलवान संतुष्ट नहीं हैं और तुरंत कार्रवाई चाहते हैं।  

महासंघ को बंद किया जाए: बजरंग
तीन बार के राष्ट्रमंडल खेल गोल्ड मेडलिस्ट और ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बजरंग पूनिया ने महासंघ को बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस्तीफा देकर वह (सिंह) अपने लोगों को ही महासंघ में बैठाएंगे। राज्य कुश्ती संघों में भी सिंह के लोग ही बैठे हैं जो उन्हीं के इशारों पर काम करते हैं। इसलिए हम सरकार से महासंघ को बंद करने की मांग करते हैं। 

अनुराग ठाकुर ने पहलवानों को बुलाया
धरना दे रहे पहलवान रात को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के घर पहुंचे ठाकुर ने उन्हें डिनर पर बुलाया था। अनुराग ठाकुर ने कहा कि खिलाड़ियों से बात करके उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। खेल मंत्री के घर बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, रवि दहिया, दीपक पूनिया, बबीता फोगाट पहुंचे हैं।

मैं इस्तीफा नहीं दूंगा : सिंह
इस बीच कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैं इस्तीफा नहीं दूंगा। मेरे खिलाफ कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा के इशारे पर राजनीति हो रही है। जो आरोप लगा रहे हैं, उनका करियर खत्म हो गया है। ज्यादातर पहलवान एक ही कम्युनिटी से हैं। पार्टी का जो आदेश मिलेगा, उसी को मानूंगा।

Read More अतीक नैनी जेल पहुंचा

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News