मेन रोड पर लगा कचरे का अम्बार

सफाई अभियान की खुलने लगी पोल

मेन रोड पर लगा कचरे का अम्बार

मेन रोड पर कचरे का ढेर लगे रहने से दुकानदारों को ही नहीं बाजार में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कोटा। नगर निगम कोटा उत्तर व दक्षिण की ओर से एक ओर जहां शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ अभियान की पोल मेन रोड पर लगे कचरे के ढेर खोल रहे हैं। नगर निगम कोटा दक्षिण में ही मेन रोड पर कांग्रेस कार्यालय के बाहर जन सुविधा(टॉयलेट ) के मुहाने पर ही कबरे का ढेर लगा हुआ है। जिससे वह कचरा सड़क पर तो फेल ही रहा है। साथ ही लघुशंका के लिए जाने वालों को भी गंदगी से होकर जाना पड़ रहा है। जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मेन रोड पर कचरे का ढेर लगा रहता है। यहां से कभी कभी ही कचरा उठता है। जिससे दुकानदारों को ही नहीं बाजार में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह से शहर में कई अन्य जगहों पर ही मेन रोड पर कचरे के ढेर देखे जा सकते हैं।  

उप महापौर ने चलाया दस दिन अभियान
नगर निगम कोटा दक्षिण के उप महापौर पवन मीना ने 1 से 10 मार्च तक स्वच्छता मार्च अभियान चलाया था। जिसमें निगम के अलावा आमजन को भी जोड़ा था। लेकिन हालत यह रही कि सफाई अभियान में व्यापार संघ व आमजन के अलावा कई संगठन जुड़े। जबकि एक बार भी निगम के अधिकारी उस अभियान में शामिल नहीं हुए। उप महापौर पवन मीणा ने बताया कि निगम अधिकारियों को अभियान में आने का आग्रह किया गया था। लेकिन कोई भी नहीं आया। उन्होंने कर्मचारियों व व्यापार संघ को साथ लेकर काम किया। जबकि कोटा उत्तर निगम क्षेत्र में दो  दिन ही अभियान चला। दोनों निगम आयुक्त से लेकर स्वास्थ्य अधिकारी और महापौर भी उस अभियान में शामिल हुए थे। 

रोजाना होती है सफाई
इधर नगर निगम कोटा दक्षिण की स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि निगम के स्तर पर नियमित सफाई करवाई जा रही है। कोटड़ी गुमानपुरा रोड से भी रोजाना कचरा उठाया जा रहा है। हो सकता है कचरा उठने के बाद दोबारा से डाला गया हो। 

Post Comment

Comment List

Latest News