दिल्ली में गरज के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान : खराब श्रेणी में वायु गुणवत्ता, बारिश ले सकती है व्यापक रुप
हवा की गति 20-30 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है
अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 20 मार्च को तेज बारिश संभव है। तापमान में 4-6 डिग्री गिरावट आएगी। वहीं, AQI 215 पहुंचकर ‘खराब’ श्रेणी में रहा, हालांकि आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता सुधरने की उम्मीद जताई गई है।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग ने आज रात से दिल्ली के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। हवा की गति 20-30 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और रात में यह 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्पन्न ये स्थितियां गुरुवार और शुक्रवार तक बनी रह सकती है। राजधानी में 20 मार्च को तेज बारिश होने और बाद में यह ज्यादा व्यापक रूप ले सकती है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 15.8 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। कल पूरे शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहा, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रिज स्टेशन पर 31.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड और आयानगर में 31.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सप्ताहांत में तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस बीच समीप ऐप के अनुसार, आज शहर की वायु गुणवत्ता में गिरावट देखी गई। सुबह 10:05 बजे, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 215 तक पहुंच गया, जो एक दिन पहले के औसत 189 से अधिक है और यह खराब श्रेणी में पहुंच गया है। इसके बावजूद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने सोमवार को बेहतर वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमानों का हवाला देते हुए श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तहत चरण 1 प्रतिबंधों को हटा दिया था। एक बयान में, सीएक्यूएम ने कहा कि यह निर्णय आईएमडी और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के अनुमानों पर आधारित है, जो संकेत देते हैं कि आने वाले दिनों में दिल्ली का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहने का अनुमान है।
पहले चरण, या खराब श्रेणी के प्रतिबंधों में मुख्य रूप से निवारक उपाय शामिल होते हैं जैसे कि पानी का छिड़काव बढ़ाना और मशीनों द्वारा सड़कों की सफाई करना। दिल्ली में ये उपाय पिछले साल 14 अक्टूबर से लागू हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एक्यूआई स्तरों का वर्गीकरण 0-50 (अच्छा), 51-100 (संतोषजनक), 101-200 (मध्यम), 201-300 (खराब), 301-400 (बहुत खराब), और 401-500 (गंभीर) श्रेणी में किया गया है।

Comment List