राजस्थान से आए पत्रकारों के दल ने किसान से की मुलाकात : राम शरण से ली आधुनिक खेती से आय वृद्धि के मॉडल के बारे में जानकारी, गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का भी किया अवलोकन
खेती को लाभकारी बनाने के अपने अनुभव साझा किए
राजस्थान से आए पत्रकारों ने बाराबंकी में पद्मश्री किसान राम शरण वर्मा से मुलाकात कर आधुनिक खेती, फसल विविधीकरण और आय बढ़ाने के मॉडल को समझा। इसके बाद दल ने ‘अमृत भारत’ योजना से विकसित गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का दौरा कर आधुनिक सुविधाओं और उन्नत अवसंरचना का अवलोकन किया।
लखनऊ। भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास की जमीनी स्तर पर कवरेज के लिए राजस्थान से उत्तर प्रदेश पहुंचे पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बाराबंकी जिले के प्रगतिशील किसान एवं वर्ष 2019 में पद्मश्री से सम्मानित राम शरण वर्मा से मुलाकात की। इस अवसर पर पत्रकारों ने वर्मा द्वारा अपनाई जा रही उन्नत कृषि तकनीकों, नवाचारों तथा आधुनिक खेती के माध्यम से आय वृद्धि के मॉडल के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। वर्मा ने फसल विविधीकरण, उन्नत बीजों के उपयोग तथा वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से खेती को लाभकारी बनाने के अपने अनुभव साझा किए।
इसके उपरांत पत्रकारों के दल ने लखनऊ स्थित गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया, जिसे ‘अमृत भारत’ योजना के अंतर्गत विकसित किया गया है। इस दौरान दल ने स्टेशन पर उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, यात्री-अनुकूल व्यवस्थाओं तथा उन्नत अवसंरचना का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि यह मीडिया भ्रमण भारत सरकार की DCID योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रदर्शित करना तथा उनकी जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।

Comment List