ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के खिलाफ सबसे सफल अभियान : मोदी ने पाकिस्तान को दी चुनौती, कहा- गोली का जवाब गोले से मिलेगा
हम शक्ति पूजा में सिंदूर को अर्पण करते हैं
ऑपरेशन सिंदूर ने डंके की चोट पर कहा है कि आतंकवादियों के जरिए प्रॉक्सी वॉर नहीं चलेगा। घर में घुस कर मारेंगे और आतंकियों के मददगारों को भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
भोपाल। ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवादियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा और सबसे सफल अभियान बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बिना किसी का नाम लिए पाकिस्तान को चुनौती देते हुए कहा कि अगर तुम गोली चलाओगे, तो मान के चलो कि गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा। मोदी यहां देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान मोदी ने महिला सशक्तिकरण को राष्ट्रसुरक्षा से कई बार जोड़ा। उन्होंने कहा कि भारत संस्कृति और संस्कारों का देश है। सिंदूर नारी शक्ति का प्रतीक है। रामभक्ति में लगे हनुमान भी सिंदूर को ही धारण किए है। हम शक्ति पूजा में सिंदूर को अर्पण करते हैं। ये ही अब भारत के शौर्य का प्रतीक बन गया है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकियों ने भारतीयों का खून ही नहीं बहाया, संस्कृति पर भी प्रहार किया।
हमारे समाज को बांटने की कोशिश की, सबसे बड़ी बात, आतंकवादियों ने नारीशक्ति को चुनौती दी, लेकिन यही चुनौती आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए काल बन गई है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवादियों के खिलाफ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और सबसे सफल ऑपरेशन है। सैकड़ों किलोमीटर तक घुस कर उन्हें खत्म किया। ऑपरेशन सिंदूर ने डंके की चोट पर कहा है कि आतंकवादियों के जरिए प्रॉक्सी वॉर नहीं चलेगा। घर में घुस कर मारेंगे और आतंकियों के मददगारों को भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

Comment List