दो साल से कम समय में ढही करोड़ों की संरचना : ग्लास फैक्ट्री में 100 मीटर ऊंची चिमनी गिरी, बड़ा हादसा टला
चारों ओर धूल का गुबार फैला
ग्लास फैक्ट्री में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फैक्ट्री परिसर में लगभग 100 मीटर ऊंची चिमनी का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे तेज धमाका हुआ और चारों ओर धूल का गुबार।
गंगरार। चित्तौड़गड़ जिले के गंगरार उपखंड क्षेत्र के सोनियाणा रिको क्षेत्र में स्थित असाही इंडिया लिमिटेड की ग्लास फैक्ट्री में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फैक्ट्री परिसर में लगभग 100 मीटर ऊंची चिमनी का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे तेज धमाका हुआ और चारों ओर धूल का गुबार फैल गया। घटना के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस चिमनी का निर्माण अक्टूबर 2024 में हुआ था और दिसंबर से फैक्ट्री में उत्पादन शुरू हुआ था। दो साल भी पूरे नहीं होने से पहले इतनी बड़ी संरचना का गिरना गंभीर तकनीकी खामियों की ओर इशारा करता है। हादसे में चिमनी का मलबा कन्वेयर सिस्टम और डब्ल्यूएचआर बिल्डिंग पर गिरा, जिससे दोनों को नुकसान पहुंचा। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यह चिमनी ग्लास मेल्टिंग फर्नेस पर गिरती, तो भारी जन-धन हानि हो सकती थी, क्योंकि उस समय लगभग 2000 टन ग्लास प्रोसेस में था।

Comment List