अब बिजली कटौती और फॉल्ट की शिकायत पर तुरंत होगी कार्रवाई, डिस्कॉम ने जारी किए कई हेल्पलाइन नंबर
उपभोक्ताओं को कई संपर्क माध्यम उपलब्ध करवाए
जोधपुर डिस्कॉम ने बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिकायत निवारण व्यवस्था मजबूत की। उपभोक्ता बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और फॉल्ट जैसी समस्याओं की शिकायत 1912, कॉल सेंटर नंबरों तथा व्हाट्सएप पर दर्ज करा सकेंगे।
जोधपुर। डिस्कॉम ने विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिकायत निवारण व्यवस्था को और मजबूत बनाया है। अब शहर में बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग, फॉल्ट या अन्य विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को कई संपर्क माध्यम उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सके। अधीक्षण अभियंता (नगरवृत) कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार उपभोक्ता अब बिजली संबंधी शिकायतें कॉल सेंटर नम्बर 18001806045, 0291-2741912 एवं 1912 पर दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा कॉल सेंटर व्यस्त होने की स्थिति में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मोबाइल और व्हाट्सएप नम्बर भी जारी किए गए हैं, जिन पर सीधे शिकायत भेजी जा सकेगी।
डिस्कॉम प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाने और शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बहुविकल्पीय व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत नगरवृत के विभिन्न अधिकारियों और सहायक अभियंताओं के मोबाइल नम्बर भी जारी किए गए हैं, ताकि क्षेत्रवार समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके। डिस्कॉम ने आमजन से अपील की है कि बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर निर्धारित संपर्क माध्यमों के जरिए शिकायत दर्ज करवाएं, जिससे विभाग द्वारा तुरंत कार्रवाई कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जा सके।

Comment List