इस बार केन्द्र से पहले आएगा राजस्थान का बजट
संभवत: दस जुलाई को सदन में होगा पेश
इस बार सदन में विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के लिए आठ बैठकें होंगी। शेष मांगें मुख्यबंद के जरिए पारित कराई जाएंगी।
जयपुर। इस बार राजस्थान सरकार का बजट केन्द्र से पहले आएगा। संभवत: दस जुलाई को विधानसभा में पेश किया जाएगा। केन्द्र सरकार संभवत: 21 या 22 जुलाई को बजट पेश करेगी। अगर केन्द्र के बाद राजस्थान का बजट लाया जाता है, तो 31 जुलाई तक सभी विधिक प्रक्रियाएं पूरी करना मुश्किल है। केन्द्र सरकार ने 30 अगस्त तक का लेखानुदान ले रखा है, जबकि राजस्थान में लेखानुदान 31 जुलाई तक का ही लिया गया था। इसलिए राजस्थान में तीस जुलाई तक हर हालत में बजट पारित कराया जाना है। इसके लिए 27 जुलाई तक सदन में वित्त विधेयक को पारित कराना होगा। दूसरे दिन उसे राज्यपाल के पास भेजा जाएगा, जहां से मंजूरी ली जाएगी। उसके बाद एक अगस्त से बजट को खर्च किया जाएगा।
सत्र का संभावित कार्यक्रम
राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र तीन जुलाई से शुरू होगा। संभवत: दूसरे दिन भी सदन में विधिक कार्य निपटाए जाएंगे। इसके बाद पांच से नौ जुलाई का सदन में अवकाश रखा जाएगा। दस जुलाई को सदन में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया जाएगा। इसके बाद 11 और 12 तथा 15 जुलाई एवं 16 जुलाई को दोपहर तक सदन में बजट पर चर्चा की जाएगी। उसी दिन शाम को चार बजे राज्य सरकार की ओर से बजट पर हुई चर्चा का जवाब दिया जाएगा। इस बार सदन में विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के लिए आठ बैठकें होंगी। शेष मांगें मुख्यबंद के जरिए पारित कराई जाएंगी।
Comment List