जहां कर रहे थे शिकार, वहीं से पकड़े गए दो आदमखोर पैंथर

वन विभाग का कहना: इनमें से एक आदमखोर, 3 लोगों को बना चुके निवाला

जहां कर रहे थे शिकार, वहीं से पकड़े गए दो आदमखोर पैंथर

पिंजरे में मांस और मछली की गंध वाला पानी रखा गया था। इसकी गंध से पैंथर पिंजरे में घुसे और कैद हो गए।

उदयपुर। गोगुंदा क्षेत्र की छाली ग्राम पंचायत में पिछले पांच दिनों से आतंक मचा रहे दो पैंथरों को पकड़ लिया गया है। एक नहीं दो नर पैंथर वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरों में कैद हो गए। विभाग इनमें से एक को आदमखोर मान रहा है क्योंकि हर पैंथर का अपना तय इलाका होता है। ये पैंथर वहीं पकड़े गए जहां ये शिकार कर रहे थे।

गौरतलब है कि आदमखोेर पैंथर ने एक के बाद एक कर तीन इंसानों को अपना शिकार बनाया। इसके बाद वन विभाग पिछले पांच दिन से मशक्कत करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाए हुए था। विभाग ने 7 पिंजरे व 10 ट्रेप कैमरों के अलावा सेना के जवानों की भागदौड़, 100 से ज्यादा वनकर्मियों की लगातार नजर और हिन्दुस्तान जिंक के ड्रोन की मुस्तैदी से यह सफलता मिली है। डीएफओ अजय चित्तौड़ा ने बताया कि पंचायत के उमरिया गांव में रात वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरों में दो पैंथर कैद हो चुके हैं।

पिंजरे में मांस और मछली की गंध वाला पानी रखा गया था। इसकी गंध से पैंथर पिंजरे में घुसे और कैद हो गए। सूचना मिलने के बाद पूरी सर्च टीम खुशी से झूम उठी, वहीं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इधर दोनों पैंथर को सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क लाया गया है। दोनों के मुंह से थोड़ा खून भी टपक रहा था। सज्जनगढ़ में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ इनका उपचार होगा।  

ऐसा आया शिकंजे में
छाली में रात दो पिंजरे और लगाकर इनकी संख्या पांच कर दी थी। रात को कैमरे में पैंथर की गतिविधि नजर आ गई थी। पिंजरे लगाने के बाद वहां पर आवाजाही पूरी तरह से रोककर सन्नाटा कर दिया था। साथ ही यहां निगरानी टीमों की संख्या भी बढ़ा दी थी। सुबह क्षेत्रीय वन अधिकारी सायरा सुनील चौधरी टीम के साथ पिंजरों की निगरानी के लिए पहुंचे तो उन्होंने दोनों में पैंथर को कैद पाया। 

Read More धनवान युवकों को समलैंगिक ऐप के जाल में फंसाकर रुपए ऐंठने वाले चार गिरफ्तार

बूढ़ा पैंथर कर रहा था इंसान पर हमला!
मुख्य वन संरक्षक सुनील छिद्री के अनुसार पिंजरों में कैद दो पैंथर में से एक बूढ़ा है, जिसके कैनाइन दांत (लंबे-नुकीले दांत) नहीं हैं। आमतौर पर पैंथर में 4 कैनाइन दांत होते हैं। इनमें 2 ऊपर और 2 नीचे होते हैं। बूढ़ा पैंथर दांत नहीं होने से शिकार नहीं कर पा रहा था। उसके लिए इंसानों पर अटैक करना आसान था। संभवतया तीनों इंसानों का शिकार इस बूढ़े पैंथर ने किया है। फिलहाल इस पर स्पष्ट तौर पर कुछ कहना मुश्किल बताया है। 

Read More Jaipur Gold & Silver Price: सोना और चांदी सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंचे 

Post Comment

Comment List

Latest News