सीएम योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक : कार के पास पहुंची गाय, नगर निगम सुपरवाइजर निलंबित
घटना गोरखनाथ ओवरब्रिज के उद्घाटन के दौरान हुई
गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में लापरवाही सामने आई। गोरखनाथ ओवरब्रिज उद्घाटन के दौरान एक गाय मुख्यमंत्री की कार के पास पहुंच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जांच में नगर निगम सुपरवाइजर अरविंद कुमार को निलंबित किया गया। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में लापरवाही का मामला सामने आया है। यह घटना शुक्रवार शाम गोरखपुर में गोरखनाथ ओवरब्रिज के उद्घाटन के दौरान हुई, जब अचानक एक गाय दौड़ती हुई मुख्यमंत्री की कार के पास आ पहुंची। मुख्यमंत्री के वाहन से उतरने के महज चार सेकंड बाद ही गाय वहां पहुंच गई, जिसे देखकर सुरक्षा में तैनात जवान तुरंत सतर्क हो गए और गाय को घेरकर दूसरी दिशा में भगा दिया। समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
इस घटना का 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे सुरक्षा में गंभीर चूक के तौर पर देखा जा रहा है। जांच के बाद गोरखनाथ क्षेत्र के नगर निगम सुपरवाइजर अरविंद कुमार को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। अरविंद कुमार पर पूरे इलाके में नगर निगम से जुड़े कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी थी। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Comment List