कांग्रेस का अरावली और मनरेगा बचाओ को लेकर जनजागरण अभियान आज से, राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की बनाई कार्ययोजना
मनरेगा कानून में बदलाव कर रोजगार की गारंटी छीनी
केंद्र सरकार पर अरावली पर्वतमाला को नष्ट करने और मनरेगा कानून को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान एवं विरोध प्रदर्शनों की घोषणा। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार षड्यंत्रपूर्वक अरावली पर्वतमाला की गलत परिभाषा प्रस्तुत कर राजस्थान की जीवनरेखा कही जाने वाली अरावली को खनन माफियाओं के हवाले करने का प्रयास कर रही।
जयपुर। केंद्र सरकार पर अरावली पर्वतमाला को नष्ट करने और मनरेगा कानून को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान एवं विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार षड्यंत्रपूर्वक अरावली पर्वतमाला की गलत परिभाषा प्रस्तुत कर राजस्थान की जीवनरेखा कही जाने वाली अरावली को खनन माफियाओं के हवाले करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, यूपीए सरकार द्वारा गरीबों को रोजगार का अधिकार देने वाले मनरेगा कानून में बदलाव कर रोजगार की गारंटी छीनी जा रही है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार 27 दिसंबर से पूरे प्रदेश में जिला, ब्लॉक, मंडल एवं बूथ स्तर तक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
इसके अंतर्गत व्यापक स्तर पर पैदल मार्च, गोष्ठियां, प्रभात फेरियां एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 27 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस कमेटियों की ओर से अरावली बचाओ जन आंदोलन के तहत तीन किलोमीटर से अधिक का पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद सभी कांग्रेसजन एक स्थान पर एकत्रित होकर महात्मा गांधी के चित्र के साथ मनरेगा को कमजोर करने के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
कब-कब क्या होगा
28 दिसंबर को सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने क्षेत्रों के मुख्य मागोंर् पर तीन किलोमीटर से अधिक का पैदल मार्च निकालेंगी और केंद्र सरकार के खिलाफ मनरेगा मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करेंगी।
30- 31 दिसंबर को मंडल एवं नगर कांग्रेस कमेटियां गांव-गांव, ढाणी-ढाणी एवं कॉलोनियों में गोष्ठियों का आयोजन कर अरावली को नष्ट करने के षड्यंत्र और मनरेगा को कमजोर किए जाने की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगी। इसके साथ प्रभात फेरियां निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

Comment List