मणिपुर में शुरू होगा फ्री मूवमेंट अभियान : लूटे गए हथियारों की बरामदगी के लिए छापेमारी होगी तेज, पुलिस करेगी रेड
फ्री मूवमेंट अभियान शुरू होगा
पुलिस ने यह जानकारी दी है कि जो अवैध हथियार जमा किए गए हैं, उनमें सुरक्षा बलों से लूटे गए हथियारों के साथ ही अवैध रूप से खरीदे गए हथियार भी शामिल हैं।
नई दिल्ली। मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला की अपील के बाद अब तक 1060 लूटे हुए हथियार सरेंडर किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, समय सीमा समाप्त हो गई है और इसलिए अब जिन लोगों ने हथियार वापस नहीं किए हैं, उनके ठिकानों पर ताबड़तोड़ पुलिस रेड शुरू हो गई है। इसके बाद पिछले 24 घंटे में करीब 36 हथियारों को सुरक्षा बलों ने रेड के दौरान जब्त किए हैं। इस बीच हथियार सरेंडर करने की डेडलाइन समाप्त होने के बाद सुरक्षाबलों की रेड तेज हो गई है, और शनिवार से फ्री मूवमेंट अभियान शुरू होगा।
मणिपुर पुलिस ने यह जानकारी दी है कि जो अवैध हथियार जमा किए गए हैं, उनमें सुरक्षा बलों से लूटे गए हथियारों के साथ ही अवैध रूप से खरीदे गए हथियार भी शामिल हैं। इनमें हथगोले, मशीनगन, ग्रेनेड, मोर्टार, इंसास राइफल और एके-56 जैसी आधुनिक राइफल्स शामिल हैं। हथियार समर्पण करने की समय-सीमा गुरुवार शाम चार बजे समाप्त हो गई। इसके बाद सुरक्षाबलों ने छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। माना ये जा रहा है कि अब सुरक्षा एजेंसियां कड़े एक्शन की तैयारी में हैं।
लूटे गए हथिायारों को बरामद करने की तैयारी
आपको बता दें कि, मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने 20 फरवरी को राज्य के लोगों से अवैध हथियार जमा करने की अपील की थी। पहले इसके लिए एक हफ्ते का समय दिया गया था, लेकिन बाद में इस समय-सीमा को 6 मार्च शाम 4 बजे तक बढ़ा दिया गया था। प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया कि हथियार जमा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। अभी तक कुल 4260 हथियार जमा हुए हैं। जो हथियार जमा किए गए हैं, उनमें 9 एमएम की पिस्टल, सब मशीनगन, कोल्ट मशीन गन, सेल्फ लोडिंग राइफल्स, स्नाइपर राइफल, ग्रेनेड, इंसास और एके-56 जैसे आधुनिक हथियार शामिल हैं।

Comment List