स्टारबक्स ने AI आधारित इन्वेंट्री सिस्टम को किया बंद, वापस इंसान ही करेंगे काम
AI वास्तविक दुनिया की जटिलताओं को पूरी तरह समझने में सक्षम नहीं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते असर के बीच स्टारबक्स ने अपना AI आधारित इन्वेंट्री सिस्टम सिर्फ 9 महीने में बंद कर दिया। उत्तरी अमेरिका में लागू यह तकनीक स्टॉक मैनेजमेंट सुधारने के लिए लाई गई थी, लेकिन समान उत्पादों में भ्रम और गलत गिनती के कारण असफल रही। अब कंपनी ने फिर से पारंपरिक मैन्युअल इन्वेंट्री शुरू कर दी है।
वॉशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर दुनिया भर में चर्चा तेज है। विशेषज्ञ लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि यह तकनीक आने वाले समय में काम करने के तरीके बदल सकती है और कई क्षेत्रों में नौकरियों पर असर डाल सकती है। कोडिंग, कस्टमर सर्विस और डेटा मैनेजमेंट जैसे कामों में AI को भविष्य का मजबूत विकल्प माना जा रहा है, लेकिन इसी बीच एक मामला सामने आया है, जो बताता है कि यह तकनीक अभी भी पूरी तरह परिपक्व नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टारबक्स ने अपने AI आधारित इन्वेंट्री सिस्टम को सिर्फ 9 महीने बाद ही बंद कर दिया है। इस सिस्टम को उत्तरी अमेरिका के स्टोर्स में लागू किया गया था, ताकि उत्पादों की कमी और स्टॉक मैनेजमेंट की समस्याओं को हल किया जा सके। कंपनी के अनुसार यह कदम बिक्री में आई गिरावट को सुधारने के प्रयास का हिस्सा था। इस सिस्टम में कर्मचारी टैबलेट और कैमरा तकनीक की मदद से शेल्फ पर रखे सामान को स्कैन करते थे। LIDAR और AI की सहायता से मशीनें खुद ही स्टॉक की गिनती कर लेती थीं, जिससे मैन्युअल काम की जरूरत कम हो जाती थी। हालांकि, वास्तविक उपयोग में यह तकनीक कई बार गलत साबित हुई। सिस्टम ने समान दिखने वाले उत्पादों में भ्रम किया और कुछ वस्तुओं को सही तरीके से पहचान नहीं पाया।
इस अनुभव से यह साफ होता है कि AI अभी भी वास्तविक दुनिया की जटिलताओं को पूरी तरह समझने में सक्षम नहीं है। प्रकाश, पैकेजिंग और छोटे अंतर भी इसे भ्रमित कर सकते हैं। इसी कारण विशेषज्ञ मानते हैं कि कई क्षेत्रों में मानव निगरानी अभी भी जरूरी है। अब स्टारबक्स ने यह प्रयोग बंद कर दिया है और फिर से पारंपरिक तरीके को शुरू कर दिया है यानि व्यक्तियों से ही इन्वेंट्री गिनती शुरू करने का निर्णय लिया है।

Comment List