महिला पार्षद के बाद अब महापौर के बेटे को कुत्ते ने काटा
श्वानों को पकड़कर रखने की कोई व्यवस्था नहीं
एक दिन पहले नगर निगम कोटा दक्षिण की वार्ड 70 से भाजपा पार्षद रीता सलूजा को महावीर नगर क्षेत्र में श्वान ने काट लिया था जिससे उनके पैर में भी काटने के निशान हैं।
कोटा। शहर में आवारा श्वान का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक दिन पहले महिला पार्षद को काटने के बाद शनिवार को नगर निगम कोटा दक्षिण के महापौर राजीव अग्रवाल के पुत्र को श्वान ने काट लिया। नगर निगम कोटा दक्षिण के महापौर राजीव अग्रवाल का 17 वर्षीय पुत्र यश अग्रवाल सुबह स्टेडियम से खेलकर स्कूटी से अपने घर साबरमती कॉलोनी जा रहा था तभी कैथूनीपोल चौराहे पर श्वान के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। उन्होंने बचने का प्रयास किया लेकिन इसी बीच एक श्वान ने उसके पैर को पकड़ लिया । उन्होंने छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन श्वान ने उनके दाहिने पैर में काट लिया जिससे दांत के निशान हो गए। इस घटना की जानकारी यश ने अपने पिता को दी इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाकर इंजेक्शन लगवाए गए।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले नगर निगम कोटा दक्षिण की वार्ड 70 से भाजपा पार्षद रीता सलूजा को महावीर नगर क्षेत्र में श्वान ने काट लिया था जिससे उनके पैर में भी काटने के निशान हैं। लोगों ने बताया कि शहर में लगातार इस तरह के मामले बढ़ते जा रहे हैं । नगर निगम द्वारा श्वान शाला खोलने के बाद भी उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कोटा दक्षिण में श्वान शाला बना दी है लेकिन उनका बंध्याकरण व टीकाकरण किया जा रहा है। श्वानों को पकड़कर रखने की कोई व्यवस्था नहीं है। अदालत के आदेश की पालना की जा रही है। वहीं कोटा उत्तर नगर निगम में टेंडर होने के बावजूद भी श्वानों को नहीं पकड़ा जा रहा है जिससे शहर में यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है और लोग परेशान हो रहे हैं।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List