आईपीएल 2025 : 5 बार की चैंपियन मेजबान टीम 12 रन से हारी, वानखेड़े में बेंगलुरु ने मुंबई को 10 साल बाद हराया
38 रन पर ओपनर्स पवेलियन लौटे
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल-2025 के 20 वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा अपनी तीसरी जीत दर्ज की।
मुंबई। विराट कोहली (67 रन) और कप्तान रजत पाटीदार (64 रन) के अर्द्धशतकों के बाद क्रुणाल पांड्या (45 पर 4) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल-2025 के 20 वें मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा अपनी तीसरी जीत दर्ज की। आरसीबी 10 साल बाद वानखेड़े में मुंबई को हरा सकी है इससे पहले उसने 2015 के सीजन में जीत दर्ज की थी।
आरसीबी तीसरे स्थान पर बरकरार :
इस जीत से आरसीबी 6 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बरकरार है। जबकि मुंबई 5 मैचों में चौथी हार के बाद 2 अंक के साथ अंकतालिका में आठवें स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 221 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई इंडियंस टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन ही बना सकी।
38 रन पर ओपनर्स पवेलियन लौटे :
मुंबई के लिए रोहित शर्मा और रिकल्टन ने पारी का आगाज किया। यश दयाल ने रोहित शर्मा (17) को बोल्ड किया। वही हैजलवुड ने रिकल्टन (17) को पगबाधा आउट कर मुंबई का स्कोर 2 विकेट पर 38 रन कर दिया। विल जैक्स और सूर्यकुमार यादव ने पारी को जमाने का प्रयास किया। दोनों ने जब 41 रन की साझेदारी बना ली तो क्रुणाल पांड्या ने विल जैक्स को कोहली (22) के हाथों लपकवा मुंबई को तीसरा झटका दिया। पारी के 12 वें ओवर की आखिरी गेंद पर यश दयाल ने सूर्यकुमार को लिविंगस्टन के हाथों लपकवा दूसरा विकेट हासिल किया। इसके बाद तिलक वर्मा और हार्दिक ने मोर्चा संभाला। इन्होंने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 34 गेंदों में 89 रन बना मुंबई को मैच में वापिस ले आए। भुवनेश्वर कुमार ने तिलक वर्मा (56) को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा। अगले ही ओवर में हैजलवुड ने हार्दिक पांड्या (42) को लिविंगस्टन के हाथों कैच करा मुंबई के मंसूबों पर पानी फेर दिया। क्रुणाल ने अंतिम ओवर में सैंटनर (8), दीपक चाहर (0) व नमन धीर (11) को आउट कर मुंबई को 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन रोक दिया।
Comment List