खड़गे-राहुल से मिले नीतीश
2024 चुनाव में विपक्षी एकता की कवायद
कुछ समय पहले भी नीतीश कुमार एवं बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कांग्रेस नेताओं खड़गे एवं राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है। इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। यह मुलाकात खड़गे के आवास पर हुई। बैठक को अगले साल होने वाले आम चुनाव में विपक्षी एकता की कवायद की कड़ी के रूप में देखा जा है।
कुछ समय पहले भी नीतीश कुमार एवं बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कांग्रेस नेताओं खड़गे एवं राहुल गांधी से मुलाकात की थी। जिसमें पीएम मोदी एवं भाजपा के खिलाफ मजबूती से चुनावी मैदान में उतरने का संकल्प जताया गया था। असल में, आम चुनाव से पहले अपनी संभावित पीएम पद की दावेदारी जताने के लिए नीतीश कुमार कांग्रेस का मन टटोल रहे हैं। क्योंकि उन पर लगातार बिहार में गठबंधन सहयोगी राजद का सीएम पद छोड़ने का दबाव बढ़ रहा है। वहीं, नीतीश कुमार इसी दौरान शिवसेना (उद्धव गुट), एनसीपी, बीजद, टीएमसी एवं बीआरएस जैसे क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों से भी मिल चुके है। वहीं, कर्नाटक की जीत से उत्साहित कांग्रेस अब ज्यादा मनोबल में दिख रही है। इसीलिए वह विपक्षी संप्रग गठबंधन की अगुवाई छोड़ने को तैयार नहीं है। साथ ही कांग्रेस पूरे चुनावी अभियान में विपक्ष की ओर से केन्द्रीय भूमिका में रहना चाहती है।

Comment List