अमेजन में छंटनी का सिलसिला, बदलती तकनीकी दुनिया के संकेत
कामकाज को सरल बनाने और कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ाने पर
अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में छंटनी का सिलसिला जारी है। अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच कंपनी ने अलग-अलग चरणों में बड़े पैमाने पर पदों में कटौती की है। ताजा घटनाक्रम में कंपनी ने अपने डिवाइस और सर्विसेज विभाग में अधिकतम 250 पद समाप्त करने का फैसला किया है। इससे पहले इसी महीने उसके मुख्य खुदरा कारोबार में करीब एक हजार पदों पर कटौती की गई थी। लगातार सामने आ रहे ये फैसले बताते हैं कि तकनीकी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों में अब केवल कारोबार का विस्तार ही नहीं, बल्कि संगठनात्मक ढांचे को छोटा और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। अमेजन में छंटनी की यह प्रक्रिया पिछले वर्ष अक्टूबर में शुरू हुए बड़े पुनर्गठन से जुड़ी है।
उस समय कंपनी ने लगभग 14 हजार पद समाप्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद जनवरी 2026 में करीब 16 हजार कॉरपोरेट पदों में कटौती का फैसला सामने आया। कंपनी का जोर प्रबंधन की परतें कम करने, कामकाज को सरल बनाने और कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ाने पर रहा। अक्टूबर 2026 में खुदरा कारोबार से करीब एक हजार पदों की कटौती और अब डिवाइस तथा सर्विसेज विभाग में 250 पदों को समाप्त करने का निर्णय इसी क्रम की अगली कड़ी माना जा सकता है। ताजा छंटनी में मुख्य रूप से सॉफ्टवेयर विकास से जुड़ी टीमें प्रभावित हुई हैं। विडंबना यह है कि यह फैसला ऐसे समय लिया गया, जब कंपनी ने किंडल ई-रीडर और टैबलेट जैसे नए उत्पाद पेश किए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि नए उत्पाद बाजार में उतारना और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना जरूरी नहीं कि एक-दूसरे के पूरक हों। कंपनियां उत्पादों का विकास जारी रखते हुए भी अपनी टीमों, कार्यप्रणाली और खर्चों में बदलाव कर सकती हैं। अमेजन ने इस कदम के पीछे कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और उत्पाद योजनाओं के अनुरूप संगठन तैयार करने की बात कही है। हालांकि, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वचालन के बढ़ते इस्तेमाल ने तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ाई है। नई तकनीकों के दौर में कंपनियों की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों से जुड़ी जरूरतें तेजी से बदल रही हैं। इस घटनाक्रम का एक बड़ा पहलू रोजगार की सुरक्षा है।
जिन कंपनियों को कभी स्थिर और आकर्षक रोजगार का प्रतीक माना जाता था, वहां भी कर्मचारियों को बार-बार बदलती परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे युवाओं के सामने यह सवाल खड़ा होता है कि केवल प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी हासिल करना पर्याप्त है या बदलती तकनीक के अनुरूप अपनी दक्षता बढ़ाते रहना भी जरूरी है। अमेजन का मामला यह भी बताता है कि कंपनियों की दक्षता बढ़ाने की कोशिशों का भार अक्सर कर्मचारियों पर पड़ता है। लागत घटाना और प्रतिस्पर्धा में आगे रहना व्यावसायिक जरूरत हो सकती है, लेकिन इसके साथ कर्मचारियों के पुनर्वास, प्रशिक्षण और रोजगार के वैकल्पिक अवसरों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। तकनीकी प्रगति का उद्देश्य केवल कंपनियों का मुनाफा बढ़ाना नहीं, बल्कि कामकाज और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना भी होना चाहिए।

Comment List