रामायण थीम के शतरंज से लेकर 2 किलो चांदी के झुमके तक ने मोहा मन, जेएसए सिल्वर शो का भव्य समापन
तीन दिन में 20 हजार से अधिक विजिटर्स पहुंचे
जयपुर। चांदी की कलात्मकता, आकर्षक डिजाइन और कारोबार के उत्साह के बीच जयपुर सिल्वर एसोसिएशन की ओर से बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय जेएसए सिल्वर शो का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। शो में प्रदर्शित चांदी की अनूठी कलाकृतियां और ज्वेलरी कलेक्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। रामायण थीम पर तैयार शतरंज से लेकर दो किलो चांदी से बने विशाल झुमके तक ने विजिटर्स को खासा आकर्षित किया। समापन समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार, शो के तीन दिनों में ही 20 हजार से अधिक विजिटर्स पहुंचे। सोमवार को देशभर से छह हजार से ज्यादा लोगों ने शो का अवलोकन किया। शो में 150 से अधिक एग्जीबिटर्स ने 300 से ज्यादा बूथ लगाए। चांदी की कीमतों में आई गिरावट के चलते ज्वेलरी कारोबारियों के साथ ग्राहकों में भी खरीदारी को लेकर उत्साह नजर आया।
रामायण थीम के शतरंज ने खींचा ध्यान
जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला ने बताया कि शो में पहली बार कई एक्सक्लूसिव डिजाइन और कलेक्शन प्रदर्शित किए गए। इनमें रामायण थीम पर तैयार किया गया चांदी का शतरंज विशेष आकर्षण रहा। इसकी डिजाइन में भगवान राम, लक्ष्मण, हनुमान और वानर सेना के पात्रों को उकेरा गया है। इसके अलावा बरेली से लाया गया दो किलो चांदी का झुमका, चांदी का डाइनिंग टेबल, सोफा और दीवार घड़ी सहित कई अनूठी कलाकृतियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
एक दिन में 10 हजार किलो से ज्यादा चांदी की बुकिंग
शो के कन्वीनर अरुण गर्ग ने बताया कि दो दिनों में हजारों किलो चांदी का कारोबार हुआ। दूसरे दिन ही 10 हजार किलो से अधिक चांदी की बुकिंग दर्ज की गई। चांदी की कीमतों में गिरावट से बाजार में खरीदारी का रुझान बढ़ा है। कम कीमतों का फायदा उठाते हुए व्यापारी भी आगामी मांग को देखते हुए ज्वेलरी का स्टॉक कर रहे हैं। शो के जरिए देशभर के चांदी कारोबारियों को एक मंच पर कारोबार, नई डिजाइन और व्यापारिक संपर्क बढ़ाने का अवसर मिला। मंगलवार को शो के समापन के साथ ही तीन दिवसीय आयोजन संपन्न हो गया।

Comment List