जिला प्रमुख की कुर्सी पर सियासी दिग्गजों की नजर, परिवार के सदस्यों को मैदान में उतारा; कहीं विधायक की पत्नी तो कहीं पूर्व मंत्री की बेटी दावेदार
चूरू में राजेंद्र राठौड़ और दौसा में ममता भूपेश-डीसी बैरवा की प्रतिष्ठा दांव पर
जयपुर। प्रदेश के 37 जिलों में बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव होंगे। जिला परिषदों में बहुमत के समीकरणों के बीच अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों का औपचारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन कई जिलों में दिग्गज नेताओं के परिवार के सदस्य दावेदारी जता रहे हैं। कहीं विधायक की पत्नी चुनाव मैदान में हैं तो कहीं पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद अपनी अगली पीढ़ी को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में इन चुनावों के नतीजे कई नेताओं की राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जुड़ गए हैं।
प्रदेश की 37 जिला परिषदों में से 23 में कांग्रेस और पांच में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को बहुमत हासिल हुआ है। वहीं, आठ जिला परिषदों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इन जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव राजनीतिक जोड़-तोड़ और समर्थन के समीकरणों पर निर्भर करेगा। दोनों प्रमुख दलों के लिए बहुमत वाले जिलों के साथ ही त्रिशंकु जिला परिषदों में भी अपना जिला प्रमुख बनाने की चुनौती है।
इन जिलों में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
चूरू : राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह दावेदार
चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख पद की दावेदार हैं। यहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में यदि पार्टी समर्थन जुटाकर उन्हें जिला प्रमुख बनाने में सफल रहती है तो इसे राठौड़ के राजनीतिक प्रभाव से जोड़कर देखा जाएगा।
बीकानेर : डूडी परिवार और गोविंद मेघवाल की बेटी की दावेदारी
बीकानेर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और विधायक सुशीला डूडी के परिवार से निकिता डूडी कांग्रेस की ओर से दावेदार हैं। वहीं, पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की बेटी भी जिला प्रमुख की दौड़ में हैं। इस चुनाव के नतीजे जिले में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे। इसी बीच चुनाव से ठीक पहले नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और कांग्रेस नेता भंवर कूकणा के खिलाफ जय नारायण व्यास कॉलोनी थाने में सोमवार को एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
झुंझुनूं : पूर्व सांसदों और विधायक परिवारों के बीच दावेदारी
झुंझुनूं में पूर्व सांसद नरेंद्र खींचड़ की पुत्रवधू हर्षिनी कुलहरि जिला प्रमुख पद की दावेदार हैं। वे पिछली बार भी जिला प्रमुख रह चुकी हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद संतोष अहलावत की पुत्रवधू और पूर्व भाजपा विधायक शुभकरण चौधरी की बेटी दीक्षा भी दावेदारी कर रही हैं। यहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, इसलिए जिला प्रमुख का चुनाव समर्थन के समीकरणों पर निर्भर करेगा।
दौसा : विधायक की पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी आमने-सामने
दौसा में कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा जिला प्रमुख पद की दावेदार हैं। वहीं, पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भी इस दौड़ में शामिल हैं। ऐसे में यहां का चुनाव दोनों नेताओं के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।
चित्तौड़गढ़ : निर्दलीय विधायक की पत्नी मैदान में
चित्तौड़गढ़ में निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर आक्या जिला प्रमुख पद की दावेदार हैं। उनके नाम को लेकर जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
अजमेर : विधायक की भाभी की दावेदारी
अजमेर में भाजपा विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता चौधरी जिला प्रमुख पद की दौड़ में हैं।
बूंदी : पूर्व मंत्री के बेटे पर नजर
बूंदी में पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के बेटे मनीष सैनी जिला प्रमुख पद के दावेदार हैं।
बांसवाड़ा : विधायक पुत्र विकास बामणिया दावेदार
बांसवाड़ा में कांग्रेस विधायक अर्जुन बामणिया के बेटे विकास बामणिया जिला प्रमुख पद की दौड़ में हैं। ऐसे में इस चुनाव को अर्जुन बामणिया की राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
राजसमंद : पूर्व सांसद के बेटे की दावेदारी
राजसमंद में पूर्व भाजपा सांसद हरिओम सिंह राठौड़ के बेटे करणवीर सिंह जिला प्रमुख पद के दावेदार हैं।
बहुमत के बावजूद उम्मीदवार चयन चुनौती
जिन जिला परिषदों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत मिला है, वहां भी जिला प्रमुख के चेहरे का चयन आसान नहीं है। कई जगह एक से अधिक दावेदार सामने हैं और नेताओं के बीच सहमति बनाने की कवायद चल रही है। वहीं, जिन आठ जिलों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, वहां निर्दलीय और अन्य दलों के सदस्यों का समर्थन निर्णायक भूमिका निभा सकता है। बुधवार को होने वाले चुनाव में यह साफ होगा कि किस जिले में किस दल को जिला प्रमुख की कुर्सी मिलती है और किन दिग्गज नेताओं के परिवारों को राजनीतिक सफलता मिलती है।

Comment List