वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो न हों परेशान, 2027 में भी मिलेगा मतदाता बनने का मौका; ऐसे करें आवेदन
बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान
नई दिल्ली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से चूक गए नागरिकों के पास अभी भी वोटर बनने का अवसर है। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और गलतियों में सुधार की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) लोगों को आवेदन और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देंगे। मतदान केंद्रों पर शिविर लगाकर दावे और आपत्तियां भी ली जाएंगी।
एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बन सकेंगे। नए नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने पर आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को अभियान के जरिए पात्र नागरिकों तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

Comment List