कर्मचारियों ने मांगों को लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता का किया घेराव
ज्ञापन देने के बावजूद भी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की
सैकड़ो कर्मचारियों ने एकत्रित होकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमिताभ शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर घेराव कर प्रदर्शन किया।
जयपुर। जलदाय विभाग में जयपुर शहर और जिले के तकनीकी कर्मचारियों की काफी लंबे समय से डीपीसी नहीं करने, कार्य प्रभारित कर्मचारियों की पदोन्नति के बाद भी वेतन बिलों में पदनाम अंकित करवाने, सेवानिवृत कर्मचारियों की पेंशन प्रकरण वर्षों से बकाया होने सहित अन्य मांगों को लेकर राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ के सैकड़ो कर्मचारियों ने एकत्रित होकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमिताभ शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर घेराव कर प्रदर्शन किया।
राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप यादव ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। संघ के महामंत्री मोहनलाल शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर और जयपुर ग्रामीण के अधीन तकनीकी कर्मचारियों की पिछले 2 वर्षों से डीपीसी नहीं हुई। साथ ही जिन तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नति हुई उन कर्मचारियों के वेतन बिलों में पदोन्नति नाम अंकित नहीं किया गया। साथ ही सेवानिवृत कर्मचारियों की दो-दो वर्षों से पेंशन प्रकरण लंबित पड़े हैं, जिनके संबंध में अतिरिक्त मुख्य अभियंता को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद भी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आक्रोशित कर्मचारियों ने गांधीनगर जयपुर पर एकत्रित होकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता के खिलाफ करीब 2 घंटे तक नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारी नारेबाजी करते हुए शर्मा के कार्यालय में घुस गए और उनके खिलाफ नारेबाजी की और अपनी समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया।
अतिरिक्त अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमिताभ शर्मा ने कर्मचारियों की मांगों के बारे में सहानुभूति पूर्व वार्ता की और तकनीकी कर्मचारियों की डीपीसी, पदोन्नति कर्मचारियों का वेतन बिलों में पद अंकित करवाने सहित सेवानिवृत कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों को एक माह में समाधान करने का आश्वासन दिया।
Comment List