संपर्क हेल्पलाइन पर शासन सचिव का सख्त संदेश : शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, परिवादियों से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं
परिवादियों को शीघ्र राहत मिल सके
पर्यटन, कला-संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विभागीय शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में आवेदन समस्या पर परिवादियों को प्रक्रिया शुरू होते ही सूचना देने को कहा। अधिकांश शिकायतों का समाधान हो चुका है।
जयपुर। पर्यटन, कला-साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विभागीय शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परिवादियों को शीघ्र राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग, देवस्थान विभाग, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC), जवाहर कला केन्द्र तथा आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। शासन सचिव ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान और शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।
इस दौरान उन्होंने परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जयपुर के महेश अग्रवाल और पुराण सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में आवेदन स्वीकार नहीं होने की समस्या बताई। इस पर शासन सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही दोनों परिवादियों को दूरभाष पर सूचना दी जाए।
संपर्क पोर्टल के अनुसार देवस्थान विभाग के 2250 में से 2117, पर्यटन विभाग के 299 में से 287 तथा RTDC, जवाहर कला केन्द्र और आमेर विकास प्राधिकरण के सभी प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है।

Comment List