पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन के शाही सफर में सबसे आगे भारतीय
दूसरे नंबर पर अमेरिकी पर्यटक, 5 फेरों में 15 देशों के 159 पर्यटकों ने किया सफर
पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन में सफर करने वाले 159 पर्यटकों में सबसे अधिक संख्या भारतीय पर्यटकों की है। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 50 भारतीय पर्यटक शाही सफर का आनंद ले चुके हैं।
जयपुर। पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन के शाही सफर में पर्यटकों को राजशाही ठाठ भरा जीवन जीने का एक मौका मिलता है। दो साल बाद शुरू हुई पीओडब्ल्यू के अब तक चार फेरे पूरे हो गए हैं। वहीं पांचवां फेरा बुधवार शाम को दिल्ली से जयपुर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान देश ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटक भी ट्रेन में सफर का मजा ले रहे हैं। आरटीडीसी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 15 देशों के 159 पर्यटक अब तक राजशाही ट्रेन में भ्रमण कर चुके हैं। वहीं उम्मीद है कि शाही ट्रेन में सफर के लिए आगे भी पर्यटकों की अच्छी बुकिंग मिल सकती है।
50 पर्यटकों के साथ भारतीय शीर्ष पर
पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन में सफर करने वाले 159 पर्यटकों में सबसे अधिक संख्या भारतीय पर्यटकों की है। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 50 भारतीय पर्यटक शाही सफर का आनंद ले चुके हैं। इसके बाद अमेरिका के 41, ब्रिटेन के 31, ऑस्ट्रेलिया के 13, कनाडा के 5, न्यूजीलैंड के 4, मॉरिशस के 3, फ्रांस के 3, स्विट्जरलैंड के 2, दक्षिण अफ्रीका के 2 और आयरलैंड, इटली, ब्राजील, जर्मनी और नीदरलैंड का एक-एक पर्यटक शामिल है। शाही ट्रेन में पर्यटकों की संख्या में बुधवार को जयपुर पहुंचने वाले पांचवें फेरे में सफर कर रहे 45 पर्यटकों की संख्या भी शामिल है।
कब-कब लगे फेरे
12 अक्टूबर के फेरे में 35, 19 अक्टूबर के फेरे में 20, 26 अक्टूबर के फेरे में 27, 9 नवंबर के फेरे में 32, 16 नवम्बर के फेरे में 45 पर्यटकों की संख्या है।

Comment List