सूर्य नमस्कार सर्वांग योग, मन और तन को रखता है स्वस्थ : दिलावर
शिक्षा मंत्री ने बच्चों के साथ किया सूर्य नमस्कार
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि सूर्य नमस्कार एक सर्वांग योग है, इसमें सभी प्रकार के योग समाहित है
जयपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि सूर्य नमस्कार एक सर्वांग योग है। इसमें सभी प्रकार के योग समाहित है। सूर्य नमस्कार करने से मन और तन स्वस्थ रहता है। जब मन और तन दोनों स्वस्थ रहते हैं तो सकारात्मक सोच बनती है, जिसके बल पर जीवन उन्नति के पथ पर अग्रसर होता है। दिलावर सोमवार जयपुर में सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को संबोधित कर रहे थे।
दिलावर ने कहा कि सूर्य प्रकृति में ऊर्जा संचार का प्रमुख स्त्रोत है। सूर्य की ऊर्जा से ही जीवन संचालित होता है। हमारे शरीर को भी संपूर्ण स्वस्थ रखने के लिए सूर्य की ऊर्जा आवश्यक है। इसलिए प्रातःकाल सूर्य उदय के समय सूर्य नमस्कार योग करने का बहुत लाभ होता है। स्कूलों में प्रार्थना सभा के बाद योग इसीलिए करवाया जाता है ताकि बच्चे स्वस्थ रहे। गत वर्ष सूर्य सप्तमी के अवसर भी पूरे प्रदेश में सूर्यनमस्कार किया गया था जिसका विश्व रिकॉर्ड बना था। वो तो शुरुआत थी। आज गत वर्ष की तुलना में सूर्य नमस्कार को लेकर ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। मुझे विश्वास है कि आज का आयोजन पिछले वर्ष के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाएगा।
शिक्षा मंत्री ने बच्चों के साथ किया सूर्य नमस्कार
कार्यक्रम के दौरान दिलावर खुद स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ मंत्रोच्चार के साथ विधिपूर्वक सूर्य नमस्कार किया।उनके साथ शासन सचिव शिक्षा कृष्ण कुणाल,शिक्षा निदेशक आशीष मोदी,खेल विभाग के शासन सचिव पीसी पवन ने भी सूर्य नमस्कार के सभी आसान किए।
Comment List