स्वयं-घोषित कोसोवो की संसद ने तीसरी बार अल्बिन कुर्ती को प्रधानमंत्री चुना, इन मंत्रालयों का संभालेंगे प्रभार
संसद में बहुमत से मंत्रिमंडल को मिली मंजूरी
बेलग्रेड/प्रिस्टिना में एलवीवी नेता अल्बिन कुर्ती को संसद ने तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना। 120 सदस्यीय सदन में मंत्रिमंडल को बहुमत मिला, सर्ब प्रतिनिधित्व पर विवाद जारी।
बेलग्रेड। कट्टरपंथी सेल्फ-डिटरमिनेशन मूवमेंट (एलवीवी) के नेता अल्बिन कुर्ती को स्वयं-घोषित कोसोवो की संसद ने मार्च 2021 के बाद तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री कुर्ती के नेतृत्व वाले स्वनिर्धारण आंदोलन (एलवीवी) ने 28 दिसंबर को कोसोवो में हुए अचानक संसदीय चुनाव में निर्णायक जीत हासिल की। संसदी चुनाव के बाद बुधवार (11 फरवरी) को एलवीवी की अल्बुलेना हाक्सियू को अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा, पांच उपाध्यक्षों को भी मंजूरी दी गयी, जिनमें स्थानीय सर्बों की सबसे बड़ी पार्टी सर्ब लिस्ट के स्लावको सिमिक भी शामिल हैं।
सांसदों ने कल देर रात के दौरान अल्बिन कुर्ती द्वारा प्रस्तावित तीसरे कार्यकाल की मंत्रिपरिषद पर मतदान किया। उन्होंने एलवीवी सांसद एवं पूर्व अध्यक्ष ग्लाउक कोन्यूफ्का को प्रथम उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री, झेलाल स्वेचला को गृह मंत्री तथा एजुप माकेडोंसी को रक्षा मंत्री नामित किया। मंत्रिमंडल में एकमात्र सर्ब नेता नेनाद राशिच हैं, जो समुदाय एवं वापसी मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे।
इस 120 सदस्यीय संसद में 66 के मुकाबले 49 मतों से मंत्रिमंडल को मंजूरी दी गयी, जबकि कोई भी सदस्य मतदान से अनुपस्थित नहीं रहा। संसद को संबोधित करते हुए कुर्ती ने कहा कि हेग स्थित अदालत में पूर्व कोसोवो लिबरेशन आर्मी (केएलए) नेताओं के खिलाफ चल रहे मुकदमों में अभियोजन पक्ष द्वारा प्रत्येक के लिए 45 वर्ष की सजा की मांग हमारी मुक्ति सेना की ऐतिहासिक उपलब्धि को नकारती है।
उन्होंने कहा, मेरा रुख स्पष्ट है: कोसोवो में नागरिकों के खिलाफ कोई अपराध नहीं हुआ,साथ ही उन्होंने 1998-99 के युद्ध अपराधों के लिए तत्कालीन यूगोस्लाव राष्ट्रपति स्लोबोदान मिलोसेविच को जिम्मेदार ठहराया। सर्ब लिस्ट ने सरकार के गठन और कार्यक्रम का समर्थन नहीं किया। पार्टी के उपाध्यक्ष इगोर सिमिक ने कहा कि सरकार में सर्बों का कोई वास्तविक प्रतिनिधित्व नहीं है।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग (सीईसी) के अनुसार, दिसंबर 2025 के चुनाव में एलवीवी को 120 में से 57 सीटें मिलीं। डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ कोसोवो (पीडीके) को 22, डेमोक्रेटिक लीग ऑफ कोसोवो (एलडीके) को 15, पूर्व प्रधानमंत्री रामुश हारादिनाज की अलायंस फॉर द फ्यूचर ऑफ कोसोवो (एएके) को छह सीटें मिलीं। सर्ब लिस्ट ने सर्बों के लिए आरक्षित 10 में से नौ सीटें हासिल कीं, जबकि एक सीट'फॉर फ्रीडम, जस्टिस एंड सर्वाइवल पार्टी को मिली।
हेग स्थित कोसोवो विशेषज्ञ चैंबर्स ने पूर्व राष्ट्रपति हाशिम थाची, पूर्व संसद अध्यक्ष कादरी वेसली और याकुप क्रास्निकी तथा पूर्व सांसद रेक्शेप सेलिमी सहित चार पूर्व केएलए कमांडरों के लिए 1998-99 के युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के 10 मामलों में 45-45 वर्ष की सजा की मांग की।
उल्लेखनीय है कि सर्बिया ने कोसोवो की स्वंय-घोषित स्वतंत्रता को मान्यता नहीं दी है और इसे अपना कोसोवो और मेतोहिजा क्षेत्र मानता है। कोसोवो के उत्तरी हिस्से में बड़ी संख्या में जातीय सर्ब रहते हैं, जो बेलग्रेड और प्रिस्टिना के बीच तनाव का खामियाजा भुगतते हैं और कथित भेदभावपूर्ण नीतियों के खिलाफ विरोध करते रहे हैं।

Comment List