तकनीकी खराबी और थम गया पूरा अमेरिका का हवाई यातायात, एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए प्रशासन ने मंगवाया पिज्जा
घंटों थमे रहे विमानों के पहिए
नई दिल्ली। अमेरिका में संचार व्यवस्था में आई तकनीकी गड़बड़ी ने हवाई यातायात को अचानक ठप कर दिया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की दूरसंचार प्रणाली में खराबी के चलते देशभर के एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों पर अस्थायी रोक लगा दी गई। इस अप्रत्याशित फैसले से हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। किसी की पारिवारिक यात्रा अधूरी रह गई तो किसी को जरूरी काम के लिए अपनी मंजिल तक पहुंचने में परेशानी हुई।
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने बताया कि संचार व्यवस्था प्रभावित होने के बाद एहतियातन उड़ानों को रोकने का फैसला किया गया था। कुछ घंटों बाद स्थिति सामान्य होने पर प्रतिबंध हटा लिया गया। जांच में किसी आतंकी हमले या साजिश की आशंका नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह 11 सितंबर 2001 के हमलों जैसी स्थिति नहीं है। लास वेगास एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों को तेज हवाओं के कारण उड़ान में देरी की जानकारी दी गई। वहीं, फ्लोरिडा के गेन्सविल क्षेत्रीय एयरपोर्ट पर फंसे करीब 80 यात्रियों के लिए प्रशासन ने पिज्जा मंगवाया। गौरतलब है कि उस हमले के बाद यह दूसरी बार था, जब देशभर में उड़ानों को इस तरह अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

Comment List