कांग्रेस नेताओं ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यक्त किया आभार
कांग्रेस के कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारियों और चुनाव प्रबंधन में जुटे सभी लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद, जिनके परिश्रम से यह चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के नेताओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने राजस्थान विधानसभा चुनाव में शांतिपूर्वक मतदान के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया है। पीसीसी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा कि शांति और उत्साहपूर्वक मतदान करके लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने के लिए सभी प्रदेशवासियों का दिल से धन्यवाद। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि धन्यवाद राजस्थान। मेरे प्रदेश के हर एक मतदाता का आभार, जिन्होंने अपने मताधिकार से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाई।
कांग्रेस के कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारियों और चुनाव प्रबंधन में जुटे सभी लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद, जिनके परिश्रम से यह चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि लोगों का आभार प्रकट करता हूं कि सभी ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। शांतिपूर्ण तरीके से पूरे प्रदेश में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव आयोग, पुलिस प्रशासन और चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों को धन्यवाद देता हूं। मतगणना होगी, तो हमें जनता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में उत्साहपूर्वक भारी मतदान करने पर जनता का आभार। कांग्रेस की जीत के लिए मेहनत से जुटने वाले सभी कांग्रेस के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही मतदान संपन्न कराने वाले प्रशासन, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को धन्यवाद देता हूं।

Comment List