NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त, 4 जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी नियुक्ति
एनटीए ने जारी किया भर्ती के लिए विज्ञापन
नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा में बड़े सुधार की दिशा में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, एनटीए ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। मंत्रालय का कहना है कि आने वाले दिनों में एजेंसी में सुधार से जुड़े और भी कई अहम कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि हाल के समय में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर एनटीए लगातार विवादों में रही है।
एनटीए ने जारी किया भर्ती के लिए विज्ञापन
एनटीए ने अपने संस्थागत पुनर्गठन के तहत बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। एनटीए ने चार जनरल मैनेजर के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इसके अलावा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिये 16 यंग प्रोफेशनल्स के आवेदन भी मांगे गए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया प्रो. के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों को लागू करने की दिशा में पहला बड़ा कदम मानी जा रही है। चारों जनरल मैनेजर पदों पर शुरुआती तौर पर तीन वर्ष के कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्ति की जाएगी।
इसके अलावा एनटीए ने पहली बार यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती का फैसला किया है। अप्लीकेशन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों से मांगे गए हैं, जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा दी है और जिनका नाम प्रतिभा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध है। इन 16 पदों में 12 पद अकादमिक रिसर्च, 2 लीगल रिसर्च और 2 फाइनेंस और अकाउंट्स के लिए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में 24 महीने के लिए नियुक्त किया जाएगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा।

Comment List