पहले कम किया 30 किलो वजन : फिर दुनिया जीत ली, जेनिफर बनीं मिस यूनिवर्स-2026
जेनिफर ने पहना मिस यूनिवर्स का ताज
नई दिल्ली। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 25 नवंबर को राजधानी सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें फिनाले में उन्हें विजेता घोषित किया गया। उनकी जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का ताज हासिल किया है। जेनिफर पेशे से मॉडल और सोशल वर्कर हैं। उन्होंने फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक किया था। इसके बाद जून में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं। उन्होंने अपनी फिटनेस पर काम करते हुए 30 किलो वजन भी कम किया।
प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास सेकेंड रनर-अप रहीं। भारत की ओर से शामिल 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो टॉप-30 में जगह बनाने में सफल रहीं, लेकिन टॉप-12 तक नहीं पहुंच सकीं। इस बार 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के नियमों में 2023 में बदलाव किया गया था। इसके बाद शादीशुदा और बच्चों वाली महिलाओं को भी भाग लेने की अनुमति मिली। विजेता के लिए 3,150 हीरों से जड़ा 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड का विशेष ताज तैयार किया गया। इस बार प्रतियोगिता विवादों में भी रही। फ्रेंचाइजी विवाद, ताज वापस लेने और वीजा संबंधी समस्याओं के कारण कुछ प्रतिभागियों को प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।

Comment List