हरे निशान में खुले बाजार, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में लिवाली जोरदार तेजी
आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़े
मुंबई। बैंकिंग और वित्तीय सेक्टरों में मजबूत लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी देखी गई और प्रमुख सूचकांक पौने दो प्रतिशत से अधिक चढ़ गए। बीएसई का 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1001 अंक ऊपर 83,436.89 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 1,530.79 अंक (1.86 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 83,966.78 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 308.70 अंक की तेजी के साथ खुला। खबर लिखे जाते समय यह 447.80 अंक यानी 1.77 प्रतिशत चढ़कर 25,797.45 अंक पर रहा।
वृहत बाजार में छोटी कंपनियों के सूचकांकों में गिरावट रही। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निजी बैंक, वित्त और एफएमसीजी समूहों में तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। आईटी, फार्मा, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और सीमेंट सेक्टर के सूचकांक दो से तीन प्रतिशत ऊपर हैं। धातु, रसायन और मीडिया समूहों में फिलहाल बिकवाली है। सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के शेयर अभी तीन प्रतिशत से अधिक मजबूत हैं। हिंदुस्तान यूनीलिवर, एक्सिस बैंक, ट्रेंट, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर भी दो से तीन प्रतिशत ऊपर हैं।

Comment List