आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में हादसा, काले पानी के टैंक में सफाई करने उतरे 2 भाइयों की दम घुटने से मौत
जहरीली गैस की चपेट में आने से हुए बेहोश
भीलवाड़ा। जिले के हमीरगढ़ स्थित आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में काले पानी के टैंक की सफाई के दौरान पहले एक भाई जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया, उसे बचाने के लिए दूसरा सगा भाई भी टैंक में उतर गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दोनों भाई ठेकेदार राघव एंटरप्राइजेज के माध्यम से आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री में काम करने आए थे। काले पानी के टैंक की सफाई का कार्य चल रहा था। एक भाई सफाई के लिए टैंक के अंदर उतरा, जबकि दूसरा बाहर मौजूद था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब अंदर गया भाई बाहर नहीं निकला, तो बाहर खड़े भाई को अनहोनी की आशंका हुई। वह भी भाई को बचाने के लिए टैंक में उतर गया। लेकिन टैंक में जमा जहरीली गैस के कारण दोनों का दम घुट गया और वे बाहर नहीं निकल सके। जब आसपास मौजूद लोगों ने टैंक में झांककर देखा, तो दोनों अंदर अचेत अवस्था में पड़े मिले।
उन्हें बाहर निकालकर महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दौसा जिले के रामपुरा निवासी रोशन और राजू के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे। दोनों बेटों की एक साथ मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं रामपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Comment List