हॉकी में भारत की पाकिस्तान पर 66 साल में सबसे बड़ी जीत
कप्तान हरमनप्रीत ने दागे सर्वाधिक चार गोल
भारत और पाकिस्तान के बीच यह 180वां मुकाबला था, लेकिन आज तक इन दोनों देशों के बीच आठ गोल का अंतर किसी भी मैच में नहीं रहा। भारत ने इससे पहले पाकिस्तान को दो बार 7-1 के अंतर से पराजित किया था।
हांगझाऊ। भारत ने पाकिस्तान पर अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल कर एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के चार गोलों की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से रौंद दिया। भारतीय टीम पूल ए में चार मैच जीतकर शीर्ष पर है। उसका अगला मुकाबला दो अक्टूबर को बांग्लादेश के साथ होगा। भारत के लिए अन्य गोल वरुण कुमार (41वें और 54वें मिनट), मंदीप सिंह (8वें), सुमित (30वें), शमशेर सिंह (46वें) और ललित उपाध्याय (49वें मिनट) ने किए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद खान (38वें), अब्दुल राणा (45वें) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए। भारत और पाकिस्तान के बीच यह 180वां मुकाबला था, लेकिन आज तक इन दोनों देशों के बीच आठ गोल का अंतर किसी भी मैच में नहीं रहा। भारत ने इससे पहले पाकिस्तान को दो बार 7-1 के अंतर से पराजित किया था। पाकिस्तान भी भारत को 7-1 के अंतर से 1982 के एशियाड फाइनल में हरा चुका है।

Comment List