पीएम मोदी ने किया असम में पूर्वोत्तर के पहले राजमार्ग आधारित आपातकालीन लैंडिंग रनवे का उद्घाटन, रक्षा अवसंरचना और संचालन तैयारियों की कड़ी में एक बड़ा कदम
पूर्वोत्तर के पहले एयरस्ट्रिप का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने असम के मोरन में पूर्वोत्तर के पहले 'इमरजेंसी लैंडिंग रनवे' का उद्घाटन किया। उन्होंने राफेल और सुखोई के हवाई करतब देखे और गुवाहाटी में कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को असम के डिब्रूगढ़ जिले के मोरन में पूर्वोत्तर के पहले राजमार्ग आधारित आपातकालीन लैंडिंग रनवे (ईएलएफ) का उद्घाटन किया। यह भारत के रक्षा अवसंरचना और संचालन तैयारियों की कड़ी में एक बड़ा कदम है। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के सी-130जे हरक्यूलिस विमान से नये बने आपातकालीन रनवे पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री सरमा ने पीएम मोदी को असमिया गमछा और जापी दी, जबकि एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने उन्हें एक यादगार तोहफा दिया। इस समारोह में सुखोई 30 एमकेआई, राफेल लड़ाकू विमान और देश में बने उन्नत छोटे हेलीकॉप्टर (एएलएच) समेत आईएएफ के लड़ाकू विमानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाये। सुखोई 30 एमकेआई और राफेल दोनों ही राजमार्ग पर सफलतापूर्वक उतरे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने जालियां बजाकर पायलटों की हौसला आफजाई की।
पूर्वोत्तर में अपनी तरह की पहली मोरन केंद्र से आईएएफ की संचालन गतिविधियां बढऩे की उम्मीद है, खासकर रणनीतिक रूप से संवेदनशील इलाकों में। इस केंद्र का उद्घाटन करने के बाद, प्रधानमंत्री गुवाहाटी के लिए रवाना हुए, जहां वह ब्रह्मपुत्र नदी पर बने एक नये पुल का उद्घाटन करेंगे, जो गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी को जोड़ता है। वह असम के पहले भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) परिसर और शहर में एक नेशनल डेटा सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पीएममोदी गुवाहाटी के खानापारा में पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में भाजपा के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की संभावना है।

Comment List