सिसोदिया 5 दिन के सीबीआई रिमांड पर शराब नीति मामले में होगी पूछताछ
गिरफ्तारी के खिलाफ आप का प्रदर्शन
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में आपातकाल जैसी स्थिति है। आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए पार्टी मुख्यालय में पुलिस जबरन घुसी है।
नई दिल्ली। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 4 मार्च तक सीबीआई रिमांड पर भेज दिया। दिल्ली शराब नीति मामले में सीबीआई ने सिसोदिया की 5 दिन की कस्टडी मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मान लिया। इससे पहले दोपहर में कोर्ट ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। सीबीआई के वकील ने कहा कि आबकारी घोटाले में साजिश बहुत सुनियोजित और गोपनीय तरीके से रची गई। सिसोदिया की ओर से उनके वकील ने रिमांड की अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि यदि कोई कुछ कहने की इच्छा न रखता हो तो यह गिरफ्तारी का आधार नहीं हो सकता। सिसोदिया को 3:10 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया था।
पुलिस जबरन पार्टी मुख्यालय में घुसी : आप
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में आपातकाल जैसी स्थिति है। आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए पार्टी मुख्यालय में पुलिस जबरन घुसी है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी दुनिया की सबसे छोटी पार्टी से इतना डरती है? केंद्र सरकार ने ‘आप’ कार्यकर्ताओं को रोकने की हर कोशिश कर ली लेकिन हमारे हजारों कार्यकर्ता अपनी जान की बाजी लगाकर यहां पर इकट्ठा हुए हैं।
आज हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन कुछ लोगों ने हमारी माताओं, बहनों पर लाठी चलाई। हमारे कार्यकर्ताओं के सिर पर लाठी मारी गई। पार्टी कार्यालय के अंदर घुस-घुसकर कर हमारे कार्यकर्ताओं को पकड़-पकड़कर बस के अंदर भरा गया। यह बिल्कुल सही नहीं था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की आवाज भारतीय जनता पार्टी नहीं दबा सकती। आम आदमी पार्टी चुप नहीं रहेगी। प्रधानमंत्री से सवाल पूछे जाएंगे। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी जांच से नहीं डरती। जांच से भारतीय जनता पार्टी डरती है इसलिए अडाणी की जांच से भाग रही है।

Comment List