जयपुर से मुंबई-बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगी अकासा एयर, 15 अक्टूबर से उदयपुर की भी मिलेगी कनेक्टिविटी
प्रदेश के भीतर हवाई संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा
जयपुर। जयपुर के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अकासा एयर जयपुर से मुंबई और बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा शुरू करने जा रही है। इससे यात्रियों को महानगरों के लिए अतिरिक्त उड़ान विकल्प मिलेंगे और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। अकासा एयर की मुंबई से आने वाली फ्लाइट सुबह 9:10 बजे रवाना होकर 11:10 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसके बाद जयपुर से दोपहर 12 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1:55 बजे मुंबई पहुंचेगी।
इसी तरह बेंगलुरु से सुबह 8:20 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट रात 10:50 बजे जयपुर पहुंचेगी। जयपुर से यह फ्लाइट रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने बताया कि यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिलने पर हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से जयपुर से उदयपुर के लिए भी उड़ानों का संचालन शुरू होगा। इससे प्रदेश के भीतर हवाई संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

Comment List