रावत मिष्ठान भंडार के 2 प्रतिष्ठानों पर चिकित्सा विभाग की छापेमारी, 36 तरह की अवधिपार सामग्री की नष्ट
बेकरी काउंटर के नीचे मृत कॉकरोच और मक्खियां मिलीं
जयपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर में रावत मिष्ठान भंडार के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। टीम ने अजमेर रोड और नारायण सिंह सर्किल स्थित दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ सफाई में कई गंभीर कमियां मिलीं। टीम ने खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए जबकि 36 प्रकार की अवधिपार व अखाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई।
यहां की कार्रवाई
अजमेर रोड प्रतिष्ठान पर पैक्ड मिठाइयों पर पैकिंग व एक्सपायरी तारीख समेत जरूरी जानकारी अंकित नहीं मिली। बेकरी काउंटर के नीचे मृत कॉकरोच व मक्खियां और निर्माण क्षेत्र में गंदगी और खाद्य अवशेष मिले। राज कचौरी और दही पूरी अखबार पर परोसे जा रहे थे। कोल्ड स्टोरेज में रावत मिष्ठान भंडार के नाम से पैक हेजलनट मिल्क और रोस्टेड चोको आलमंड हैंडक्राफ्टेड चॉकलेट में जीवित व मृत कीट भी मिले। यहां से केसर पिस्ता बर्फी का नमूना लिया गया। नारायण सिंह सर्किल स्थित प्रतिष्ठान पर बिना वैध खाद्य लाइसेंस रेस्टोरेंट संचालित मिला। पिज्जा टॉपिंग, ब्रेड, पाव, फू्रट कॉकटेल, चना मसाला, बेबी कॉर्न, सॉस, स्वीट कॉर्न और क्रीम समेत कई अवधिपार सामग्री मिली। रेस्टोरेंट संचालन, खाद्य पदार्थों की दोबारा पैकिंग और समोसा-कचौरी निर्माण के लिए जरूरी लाइसेंस भी नहीं था। टीम ने रेस्टोरेंट बंद करवाते हुए वैद्य लाइसेंस मिलने तक संचालन पर रोक लगा दी। यहां से दो नमूने लिए गए। विभाग दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी करेगा। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Comment List