181 संपर्क हेल्पलाइन का निरीक्षण, प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं
प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर शिकायत निस्तारण की समीक्षा। अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश। 2024 से अब तक वित्त, ट्रेजरी और एसआईपीएफ के अधिकांश मामलों का निस्तारण, औसतन 26 दिन में 68% परिवादी संतुष्ट पाए गए।
जयपुर। प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की और परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान गालरिया ने मौके पर ही अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने वित्त, आबकारी, ट्रेजरी एवं एकाउंट्स तथा एसआईपीएफ से जुड़े प्रकरणों की जिलेवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2024 से 24 मार्च 2026 तक वित्त विभाग के 718 मामलों में से 601 का निस्तारण किया गया, जिसमें औसतन 26 दिन लगे और 68 प्रतिशत परिवादी संतुष्ट रहे।
ट्रेजरी एवं अकाउंट्स के 5118 मामलों में से 4775 का निस्तारण हुआ, जबकि एसआईपीएफ के 15,198 मामलों में से 14,457 का समाधान किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों के परिवादियों से फोन पर बातचीत कर पीएल अवकाश, फैमिली ग्रेच्युटी और एसआईपीएफ भुगतान से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार सभी विभागों के सचिव समय-समय पर हेल्पलाइन पर उपस्थित होकर आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

Comment List