दिसंबर में भजनलाल सरकार के तीन साल पूरे, प्रदेशव्यापी आयोजनों की तैयारी शुरू
सत्ता-संगठन के समन्वय से होंगे कार्यक्रम
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार दिसंबर में अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने जा रही है। इस अवसर को सरकार बड़े स्तर पर उपलब्धियों के उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी में जुट गई है। तीसरी वर्षगांठ पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सरकार प्रदेश की जनता को विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात देने की रणनीति बना रही है। इसके तहत विभिन्न विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी जुटाने तथा नए कार्यों के शिलान्यास और पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
आयोजन की रूपरेखा में विभागवार कार्यक्रमों के साथ विकास परियोजनाओं को प्रमुखता दी जाएगी। खास बात यह है कि तीसरी वर्षगांठ के कार्यक्रम सत्ता और संगठन के आपसी तालमेल से आयोजित होंगे, ताकि सरकारी उपलब्धियों को राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर भी व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाया जा सके। इसी क्रम में आयोजना (परिवीक्षण) विभाग ने 3 नवंबर को आदेश जारी कर आईएएस गौरव गोयल को इन कार्यक्रमों के सुचारू आयोजन और सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

Comment List