नहीं होगा हरिदेव जोशी पत्रकारिता विवि में रोजा इफ्तार कार्यक्रम
विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजन नहीं
दो दिन पहले कुछ छात्र रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आए थे, लेकिन उनको उसी दिन इंकार कर दिया गया था, कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजन नहीं हो सकते।
जयपुर। खासा कोठी स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय में कोई रोजा इफ्तार कार्यक्रम नहीं होगा। इस कार्यक्रम का आयोजन एक छात्र संगठन की ओर से शुक्रवार को प्रस्तावित था। उच्च स्तर से स्पष्ट निर्देश दिए गए है, कि प्रस्तावित इस रोजा इफ्तार कार्यक्रम को नहीं होने दें। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और भी सख्त हो गया तथा परिसर में निगरानी बढ़ा दी। एक विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन के बैनर तले रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां जोरों पर थी। इसके लिए संगठन से जुड़े छात्रों ने रजिस्ट्रार से भी संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने कैम्पस में इस तरह के आयोजन की अनुमति देने से इंकार कर दिया। इस पर छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने सोशल मीडिया के जरिए पोस्टर डालकर प्रचारित कर दिया कि शुक्रवार की शाम विश्वविद्यालय परिसर में रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह मामला, जब राज्य सरकार के संज्ञान में आया, तो उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को निर्देश दिए कि इस तरह के कोई भी कार्यक्रम परिसर में आयोजित नहीं हो।
हरिदेश जोशी पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय में रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी मिली थी। किसी भी विश्वविद्यालय में इस तरह के आयोजन की अनुमति नहीं है। ऐसे तो कोई भी रात्रि जागरण कार्यक्रम भी करवा देगा। जानकारी मिलने में रजिस्ट्रार को निर्देश दिए गए है, कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजन नहीं हो।
-डॉ. प्रेमचंद बैरवा,
उप मुख्यमंत्री
जिस कैम्पस में अस्थाई विश्वविद्यालय संचालित है, उसका मालिकाना हक पर्यटन विभाग के पास है। विश्वविद्यालय की इस तरह के आयोजनों की अनुमति देने का सवाल ही नहीं है।
- डॉ. सुधा राजीव, कुलपति, हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय, जयपुर
दो दिन पहले कुछ छात्र रोजा इफ्तार कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आए थे, लेकिन उनको उसी दिन इंकार कर दिया गया था, कि विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह के आयोजन नहीं हो सकते।
रतन सिंह, कैम्पस कॉर्डिनेटर
Comment List