हरियाली तीज महोत्सव-2024: लहरिया पहन जयपुर की महिलाओं ने महापौर सौम्या संग मनाई तीज
सबसे बड़ा घेवर बनवाकर बनाया कीर्तिमान
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हैंडमेड प्रोडक्ट की स्टॉल भी लगाई गई, जिस पर महिलाओं ने खरीदारी की।
जयपुर। नगर निगम जयपुर ग्रेटर की ओर से सोमवार को हरियाली तीज महोत्सव मनाया गया। मुहाना रोड पर एक निजी होटल में गुलाबी नगरी की गुलाबी लहरिया थीम पर महोत्सव में लहरिया पहन जयपुर की महिलाओं ने महापौर संग सावन की तीज परंपरागत रूप से मनाई। इस दौरान सबसे बड़ा घेवर बनवाकर निगम ग्रेटर ने कीर्तिमान मनाया। कार्यक्रम में निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि हर वर्ष तीज महोत्सव मनाया जाता रहा है। राजस्थान की महिलाओं के लिए तीज का विशेष महत्व है। इस बार शहर की सैकड़ों महिलाओं और विभिन्न महिला संगठनों के साथ प्रश्नोत्तरी, घूमर, मेहंदी, थाली मेकिंग, बणी ठणी, घेवर बनाने जैसी कई प्रतियोगिताएं हुई। इसके साथ ही सबसे बड़ा घेवर बनाकर एशिया बुक आॅफ रिकार्ड्स, इंडिया बुक आॅफ रिकार्ड्स में नाम दर्ज कर कीर्तिमान स्थापित किया। कार्यक्रम में तीज का झूला, घेवर, तीज की सवारी और पूजन, घूमर के साथ-साथ महिलाओं को तीज के महत्व को जानकारी देने के साथ ही तीज की सवारी भी निकाली गई। कार्यक्रम में उपहार के रूप में पेड़ दिया गया। इससे महिला शक्ति इस मुहिम में जुड़कर एक करोड़ पेड़ लगाने के लक्ष्य में बढ़ चढ़कर भाग ले। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हैंडमेड प्रोडक्ट की स्टॉल भी लगाई गई, जिस पर महिलाओं ने खरीदारी की।
तीज महोत्सव में बना बड़ा कीर्तिमान
इस तीज महोत्सव में निगम की ओर से महिलाओं का घेवर से मुुंह मीठा किया गया। सवा सात फीट के घेवर को 20 कारीगरों ने पांचवें प्रयास में बनाया, जिसमें एक हजार किलो घी, 105 किलो मैदा, 125 किलो पनीर, 125 किलो दूध से घेवर तैयार किया है। यह घेवर 800 किलो की कड़ाई पर बनाया, जिसकी चौड़ाई 7.50 फीट एवं 10 इंच लम्बा है।

Comment List