असर खबर का - गौरव पथ पर फैल रहे कीचड़ एवं गंदे पानी की निकासी करवाई
दैनिक नवज्योति की खबर पर हरकत में आया पंचायत प्रशासन
केबलनगर। आलनिया नदी समीप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की ओर जा रहे गौरव पथ पर फैल रहे कीचड़ व गंदे पानी से लोग परेशान हो रहे थे तथा नालियां नहीं बनने से पानी की निकासी नहीं हो रही थी। जिससे आम रास्ते पर कीचड़ व गन्दगी फैल रही थी। जिसके चलते आमजन व स्कूली छात्र छात्राएं परेशान हो रहे थे। इस समस्या को लेकर दैनिक नवज्योति के 9 जुलाई के अंक में गौरव पथ पर फैल रहे कीचड़ व गंदगी से जनता परेशान शीर्षक से खबर का प्रमुखता से प्रकाशन किया गया था। उसके बाद पंचायत प्रशासन हरकत में आया तथा पानी की निकासी की गई। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य रास्ते पर कीचड़ फैल रहा था जिससे छात्रों व ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी तथा लोग गंदगी से गुजरने को मजबूर हो रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि गौरव पथ निर्माण के समय नालियां नहीं बनाई गई। जिसके चलते पानी की निकासी नहीं हो रही थी तथा घरों से बहता पानी सड़क पर फैल रहा था। जिससे लोग गंदगी के बीच से गुजर रहे थे। वहीं कुछ वर्ष पूर्व हाट बाजार से आलनिया नदी तक गौरव पथ का निर्माण तो करवाया गया परंतु नाली निर्माण नहीं करवाया गया। जिससे घरों से निकलने वाला पानी रास्ते पर फैल रहा था। वही दुर्गंध के चलते बस्तीवासियों का जीना दुश्वार हो रहा था। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से गौरव पथ पर नालियां बनवाने की मांग की है।

Comment List