कोटा मंडल में वंदे भारत का इंतजार, तैयारियां पूरी
स्टेट चुनाव से पूर्व अथवा बाद में चलेगी फिलहाल तय नहीं
अधिकारियों के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में आने वाली तीन नई वंदे भारत ट्रेनों के रूट लगभग तैयार कर लिए हैं।
कोटा। वंदे भारत प्लानिंग की स्पीड ऐसी ही बनी रही तो अगले तीन महीनों में राजस्थान को 3 और नई वंदे भारत ट्रेनें मिलने की संभावना है। हालांकि अब तक मिली दोनों ट्रेने उत्तर पश्चिम जोन को मिली है। पश्चिम मध्य रेलवे जोन के कोटा मंडल में वंदे भारत ट्रेन संचालन का इंतजार लंबा होता जा रहा है। कोटा से वंदे भारत ट्रेन का संचालन कब शुरू होगा इसको लेकर कोटा मंडल के अधिकारियों के पास अभी तक कोई अधिकारिक जानकारी नहीं है।
डीआरएम मनीष तिवारी ने बताया कि कोटा मंडल में वंदे भारत ट्रेन के सभी ट्रायल सफल रहे है। कोटा मंडल ने ट्रेन के संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली है। रेलवे मंत्रालय की ओर से घोषणा का इंतजार है। वंदे भारत ट्रेन का संचालन आगामी विधान सभा चुनाव से पहले पहले होगा या अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पूर्व इसको लेकर अभी अधिकारियों के पास कोई अपडेट नहीं है। हालांकि रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव उत्तर पश्चिम जोन व राजस्थान पर खासे मेहरबान नजर आ रहे हैं। अपने वादे के मुताबिक उन्होंने राजस्थान में वंदे भारत ट्रेन की तादाद को बढ़ाना शुरू कर दिया है। पिछले तीन महीनों में उन्होंने 2 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात राजस्थान को दे दी है। अब 3 नई और वंदे भारत पर काम शुरू हो चुका है।
उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के संभावित तीन ट्रेन रूट तैयार, कोटा मंडल में रूट नहीं पता
कोटा रेल मंडल से भी एक वंदे भारत ट्रेन शुरू होनी है। लेकिन कोटा उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में नहीं आता है। अधिकारियों के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में आने वाली तीन नई वंदे भारत ट्रेनों के रूट लगभग तैयार कर लिए हैं। लेकिन उन पर आखिरी मुहर रेलवे बोर्ड ती तरफ से लगेगी। वहीं जनप्रतिनिधियों का दबाव भी इन ट्रेनों रूट को बदल सकता है। लेकिन संभावित रूट्स को देखा जाए जयपुर से उदयपुर, गंगानगर से बीकानेर होते हुए दिल्ली और जयपुर से इंदौर के बीच वंदे भारत लगभग तय मानी जा रही है।
कोटा को वंदे भारत मिली तो राजस्थान में छह ट्रेन हो जाएंगी
राजस्थान में दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। पहली वंदे भारत अजमेर से दिल्ली के बीच चल रही है। वहीं दूसरी ट्रेन 7 जुलाई को जोधपुर से साबरमती के बीच शुरू हुई है। उत्तर पश्चिम रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक 3 और वंदे भारत ट्रेनें राजस्थान को मिलने जा रही है। अगर रेलवे जोन के हिसाब से देखा जाए तो अकेले उत्तर पश्चिम रेलवे जोन के हिस्से में 5 वंदे भारत होगी। अगर इस जोन से बाहर जाए तो राजस्थान के हिस्से में 6 वंदे भारत आएंगी जिसमें एक कोटा मंडल ट्रेन है। तीन संभावित ट्रेनों में जयपुर- इंदौर और जयपुर- उदयपुर, श्रीगंगानगर- दिल्ली वाया बीकानेर चलने की संभावना है।
वंदे भारत के रैक तमिलनाडू के चेन्नई में हो रहे तैयार
देश के अलग अलग हिस्सों में चलने वाली सभी वंदे भारत के रैक तमिलनाडू के चेन्नई में तैयार हो रहे हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक चेन्नई में राजस्थान की बाकी बची वंदे भारत की ट्रेनों के रैक तेजी से तैयार हो रहे हैं। तीनों रूट्स की फाइल रेलवे बोर्ड भेजी जा चुकी है। उन पर अब अंतिम मुहर लगनी बाकी है। जैसे ही इन रूट्स पर मुहर लग जाएगी उसी समय तीनों वंदे भारत की अलग अलग तारीखों की भी घोषणा हो जाएगी। कोटा मंडल वंदे भारत ट्रेन भी शीघ्र चलाने को लेकर जनप्रतिनिधि प्रयास कर रहे है।
इनका कहना है
वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर कोटा मंडल ने सभी तैयारियां पूरी कर रखी है। नई ट्रेन के संचालन का काम मंत्रालय करता है। वो कब इसकी घोषणा करेंगे का इंतजार है। कोटा मंडल में वंदे भारत ट्रेन के सभी सफल ट्रायल हो चुके है। वंदे भारत के जैसे जैसे रैक तैयार हो रहे ट्रेनों की घोषणा होती जा रही है। कोटा मंडल में अभी रूट और संचालन को लेकर कोई भी अपडेट नहीं आए है।
-मनीष तिवारी, डीआरएम कोटा

Comment List