चीन में घोस्ट फूड स्कैम का खुलासा : 67 हजार फर्जी दुकानें बेनकाब, कंपनियों पर लगाया 4,400 करोड़ रुपए का जुर्माना
फर्जी दुकानों ने बेच डाले 36 लाख से ज्यादा केक
ऑनलाइन फूड डिलीवरी घोटाला उजागर—67 हजार ‘घोस्ट वेंडर्स’ सालों से सक्रिय। खराब केक की शिकायत से खुली पोल। बिचौलियों के जरिए सस्ते ऑर्डर पूरे करने की होड़ में गुणवत्ता से समझौता, 36 लाख केक बिके। सात कंपनियों पर 4,400 करोड़ जुर्माना। विशेषज्ञों ने इसे अति प्रतिस्पर्धा का नतीजा बताया, भारत के लिए भी चेतावनी।
बीजिंग। चीन में ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेक्टर में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसने उपभोक्ता सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ग्राहक द्वारा खराब केक की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच में सामने आया कि 67 हजार से अधिक फर्जी ऑनलाइन दुकानें वर्षों से सक्रिय थीं। ये तथाकथित “घोस्ट वेंडर्स” कागजों पर मौजूद थे, लेकिन वास्तविकता में इनका कोई भौतिक अस्तित्व नहीं था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक ये नेटवर्क बिचौलियों के जरिए काम करता था। ग्राहक का ऑर्डर मिलने पर उसे कम कीमत पर तैयार करने के लिए अलग-अलग छोटे विक्रेताओं के बीच बोली लगाई जाती थी, जिससे गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता होता था। रिपोर्ट के अनुसार, इन फर्जी दुकानों ने अब तक 36 लाख से ज्यादा केक बेच डाले।
मामले में चीन की सात बड़ी कंपनियों पर करीब 4,400 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नियामकों ने पाया कि इन प्लेटफॉर्म्स ने विक्रेताओं की ठीक से जांच नहीं की और उपभोक्ता सुरक्षा की अनदेखी की। विशेषज्ञ इसे चीन में बढ़ती ‘इनवॉल्यूशन’ यानी अति प्रतिस्पर्धा का नतीजा मानते हैं, जहां कंपनियां सस्ते दाम के चक्कर में गुणवत्ता गिरा देती हैं। यह मामला अन्य देशों, खासकर भारत के लिए भी चेतावनी है, जहां ऑनलाइन फूड डिलीवरी तेजी से बढ़ रही है।

Comment List