श्रीलंका में नौसेना ने 8 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, नौका की जब्त

अवैध रूप से मछली पकडऩे में लिप्त देखा

श्रीलंका में नौसेना ने 8 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, नौका की जब्त

नौसेना ने सीमा रेखा के उल्लंघन का आरोप लगाकर 8 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली।

रामेश्वरम। नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) का उल्लंघन करने के आरोप में तमिलनाडु के 8 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी नौका जब्त कर ली है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तमिलनाडु के मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने यहां बताया कि खराब मौसम के कारण पिछले कुछ दिनों तक समुद्र से दूर रहने के बाद 3,500 से अधिक मछुआरे सुबह रामेश्वरम से मछली पकडऩे के लिए समुद्र में गए थे। वे जब बीच समुद्र में आईएमबीएल के निकट मछली पकड़ रहे थे, तभी श्रीलंकाई नौसेना ने सीमा रेखा के उल्लंघन का आरोप लगाकर 8 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली।

श्रीलंकाई नौसेना ने दावा किया कि विदेशी ट्रॉलरों द्वारा अवैध रूप से मछली पकडऩे पर अंकुश लगाने के लिए मन्नार के उत्तर में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान, उत्तर मध्य नौसेना कमान से संबंधित एक तटवर्ती गश्ती दल ने भारतीय मछली पकडऩे वाली नौकाओं के एक समूह को अपने जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकडऩे में लिप्त देखा। इस अभियान के बाद मछली पकडऩे वाली एक भारतीय नौका जब्त की गई, जिसमें आठ भारतीय मछुआरे सवार थे और वे अब भी श्रीलंका की समुद्री सीमा में हैं। जब्त भारतीय ट्रॉलर को आठ भारतीय मछुआरों के साथ तलईमन्नार ले जाया गया और बाद में कानूनी कार्रवाई के लिए मत्स्य अधिकारियों को सौंप दिया गया। श्रीलंकाई नौसेना ने अपने जलक्षेत्र में कथित रूप से मछली पकडऩे के आरोप में इस वर्ष 341 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और कुल 46 भारतीय ट्रॉलर जब्त किए हैं।

 

Tags: arrested

Post Comment

Comment List

Latest News