दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी : मुंगेशपुर हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ़्तार, जांच जारी
जांच के दौरान, हत्या में इस्तेमाल हथियार और स्कूटी बरामद
दिल्ली पुलिस ने मुंगेशपुर में प्रदीप की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों ने शराब पीने के बाद ईंट से हमला कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुंबई और हरिद्वार तक पीछा कर तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को नरेला से गिरफ्तार किया।
नई दिल्ली। दिल्ली की बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने मुंगेशपुर हत्याकांड को सुलझा लिया है और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इंद्रजीत उर्फ सुस्सा, सागर और मोंटी के रूप में हुई है। यह मामला एक व्यक्ति की हत्या से संबंधित है जिसका सड़ा हुआ शव बवाना के एक खुले मैदान में मिला था। मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई। वह आरोपी का सहयोगी था। पुलिस उपायुक्त, बाहरी उत्तरी दिल्ली ,हरेश्वर स्वामी ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमों ने लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की। आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए उधार के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अंततः उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित आरोपी के साथ मुंगेशपुर इलाके में शराब पीने गया था जिसके बाद वह लापता हो गया। बाद में उसका शव बरामद हुआ जिसके बाद गहन जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने मुंबई और हरिद्वार सहित विभिन्न शहरों में आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः दिल्ली में उनके ठिकाने का पता लगाया। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस टीमों ने नरेला रेलवे स्टेशन के पास आरोपियों को रोका और एक लंबे तलाशी अभियान के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, एक ईंट मुंगेशपुर के खेतों से बरामद की गयी और अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी पानीपत से बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

Comment List