कांग्रेस ने दिया उत्तराखंड के बापूग्राम मुद्दे पर चल रहे धरने को समर्थन, त्वरित निर्णय लेने की उठाई मांग
ऋषिकेश: बापूग्राम विवाद पर कांग्रेस ने आंदोलन को दिया समर्थन
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने बापूग्राम धरने को समर्थन देते हुए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने जनहित में विधानसभा सत्र या अध्यादेश लाने की मांग की है।
ऋषिकेश। उत्तराखंड में कांग्रेस ने रिषिकेश के संवेदनशील बापूग्राम मामले को लेकर चल रहे धरने को अपना समर्थन दिया है। बुधवार को आंदोलनकारियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंन्द्र रमोला ने पहुंचकर समर्थन व्यक्त किया और सरकार से इस मुद्दे पर त्वरित निर्णय लेने की मांग उठाई गई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। कहा कि लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद पर विधायक की ओर से ठोस पहल नहीं की गई, जिससे क्षेत्र की जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
आरोप लगाया कि विधायक द्वारा एक ही दिन में खिचवाई गई दो तस्वीरों को अलग-अलग दिन की बताकर जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियां जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ हैं और इससे समस्या के समाधान की बजाय विवाद और गहरा रहा है।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने सरकार से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे प्राथमिकता पर लिया जाए। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश से जुड़े इस जनहित के मुद्दे पर तत्काल विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए अध्यादेश लाने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि जब तक बापूग्राम के निवासियों की समस्याओं का स्पष्ट और स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि यह केवल स्थानीय मुद्दा नहीं, बल्कि जनविश्वास और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा मामला है, जिसका समाधान शीघ्र होना आवश्यक है।

Comment List