87 वर्ष के सत्येंद्र दास का निधन, राम मंदिर के थे मुख्य पुजारी
अस्पताल में निधन हो गया
राम जन्मभूमि मन्दिर के मुख्य पुजारी सत्येन्द्रदास का बुधवार को एक अस्पताल में निधन हो गया।
लखनऊ। राम जन्मभूमि मन्दिर के मुख्य पुजारी सत्येन्द्रदास का बुधवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 87 वर्ष के थे। आचार्य दास को पिछले दिनों ब्रेन हैम्ब्रेज के चलते एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह करीब सात बजे उन्होने अंतिम सांस ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दास के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होने एक्स पर पोस्ट किया कि परम रामभक्त, राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दु:खद एवं आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दे, तथा शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र संवाद केन्द्र अयोध्या धाम के एक बयान जारी कर महंत के निधन की जानकारी साझा की। उन्होने कहा कि अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का साकेतवास हो गया, आज माघ पूर्णिमा के पवित्र दिन प्रात: सात बजे के लगभग उन्होंने पी जी आई लखनऊ में अंतिम सांस ली, वे वर्ष 1993 से रामलला की सेवा पूजा कर रहे थे।
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय व मन्दिर व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों ने मुख्य अर्चक के देहावसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Comment List